Media24Media.com: CG NEWS : महादेव के बाद ‘सांई सट्टा ऐप’ का भंडाफोड़, IPL शुरू होते ही सक्रिय हुआ हाईटेक रैकेट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : महादेव के बाद ‘सांई सट्टा ऐप’ का भंडाफोड़, IPL शुरू होते ही सक्रिय हुआ हाईटेक रैकेट

Document Thumbnail

 राजनांदगांव। आईपीएल सीजन शुरू होते ही ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क फिर सक्रिय हो गया है। महादेव सट्टा ऐप मामले के बाद अब राजनांदगांव पुलिस ने ‘सांई सट्टा ऐप’ के जरिए चल रहे एक हाईटेक सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सोमवार को एक फार्महाउस में छापेमारी कर इस अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 आरोपी फरार हैं।


कोड वर्ड में चलता था सट्टा

पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘सांई ऐप’ के जरिए आईपीएल मैचों में हर बॉल और हर ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगा रहे थे। सट्टे का पूरा हिसाब कोड वर्ड में लिखा जाता था और नेटवर्क मोबाइल, लैपटॉप व अन्य डिजिटल उपकरणों के माध्यम से संचालित किया जा रहा था।

मौके से भारी सामग्री जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल, 3 चार्जर और 1,000 रुपये नकद बरामद किए। सट्टा-पट्टी में करीब 9 लाख 20 हजार रुपये के लेन-देन का हिसाब मिला है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

कार्रवाई में वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, मूलचंद देवांगन और नागपुर निवासी सादिक खान फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

कड़े कानून के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 और 8, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व 112 (संगठित अपराध) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

निगरानी बढ़ाई गई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा रैकेट तेजी से सक्रिय हो जाते हैं। इसे देखते हुए जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अवैध नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.