Media24Media.com: गरियाबंद में होली पर सख्ती: 75 लीटर अवैध शराब जब्त, 49 वाहन चालकों के चालान

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

गरियाबंद में होली पर सख्ती: 75 लीटर अवैध शराब जब्त, 49 वाहन चालकों के चालान

Document Thumbnail

 गरियाबंद। होली त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गरियाबंद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई। अभियान के तहत गुंडा-बदमाशों की सघन चेकिंग, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई।


गुंडा-बदमाशों पर दबिश

सूचीबद्ध निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर पुलिस टीमों ने दबिश दी। उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया और सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों। जो बदमाश अपने निवास पर नहीं मिले, उनके संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर शराब की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ 3 प्रकरण दर्ज किए गए और कुल 75 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान शराब से जुड़े विवादों और अपराधों को रोकने के लिए यह अभियान जारी रहेगा।

ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रैफिक उल्लंघन पर कार्रवाई

नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ अभियान चलाया गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना हेलमेट, तीन सवारी और बिना दस्तावेज वाहन चलाने वाले 49 वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटे गए।

कबाड़ियों की आकस्मिक जांच

चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से शहर के कबाड़खानों की आकस्मिक जांच की गई। कबाड़ियों को निर्देश दिए गए कि वे किसी भी संदिग्ध सामान की खरीदी-बिक्री न करें और सभी लेन-देन का रिकॉर्ड रखें। संदिग्ध सामान मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

15 असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने 15 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) लगाकर देर रात तक वाहनों की सघन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और वाहनों की तलाशी भी ली गई।

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे त्योहार को संयम और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.