Media24Media.com: CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव: संसद में पहली बार अविश्वास नोटिस

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव: संसद में पहली बार अविश्वास नोटिस

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने संसद में अविश्वास का प्रस्ताव लाने की पहल की है। शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा के कई सांसदों ने उन्हें पद से हटाने की मांग को लेकर नोटिस जमा किया। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में 130 और राज्यसभा में 63 सांसदों ने इस नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं।


बताया जा रहा है कि यह देश के इतिहास में पहली बार है जब किसी मुख्य चुनाव आयुक्त को संसदीय प्रक्रिया के माध्यम से हटाने की मांग की गई है। विपक्षी सांसदों का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में गंभीर खामियां हुई हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, इस नोटिस पर इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के सांसदों ने भी इसका समर्थन करते हुए नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं, हालांकि पार्टी औपचारिक रूप से विपक्षी गठबंधन का हिस्सा नहीं है। कुछ निर्दलीय सांसदों ने भी इस पहल का समर्थन किया है।

नियमों के अनुसार, लोकसभा में कम से कम 100 सांसदों और राज्यसभा में कम से कम 50 सांसदों के हस्ताक्षर के साथ नोटिस दिया जा सकता है। विपक्ष का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया का इस्तेमाल सत्तारूढ़ भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने का प्रस्ताव संसद के किसी भी सदन में पेश किया जा सकता है। इसे पारित करने के लिए विशेष बहुमत की आवश्यकता होती है, जिसमें सदन की कुल सदस्यता का बहुमत और उपस्थित तथा मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत का समर्थन जरूरी होता है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.