Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

तहसीलदार ने पत्नी से तोड़ा था रिश्ता, महिला थाना की काउंसलिंग से 3 साल बाद फिर जुड़ा दांपत्य

Document Thumbnail

 अंबिकापुर। अंबिकापुर महिला थाना पुलिस ने एक टूटते दांपत्य को फिर से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। शादी के महज 50 दिन बाद ही तहसीलदार दंपति के बीच ऐसा विवाद हुआ कि दोनों अलग हो गए और मामला पुलिस व न्यायालय तक पहुंच गया। करीब तीन साल बाद महिला थाना की सतत काउंसलिंग से पति-पत्नी फिर साथ रहने को तैयार हुए।


क्या है पूरा मामला?

सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी रेनु गुप्ता का विवाह 25 नवंबर 2022 को झलमला, बालोद निवासी राहुल गुप्ता के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से सम्पन्न हुआ था। राहुल गुप्ता वर्तमान में जगदलपुर में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं।

शादी के बाद रेनु गुप्ता अपने पति व ससुराल में करीब 50 दिन ही रह सकी, इसी दौरान पति-पत्नी के बीच पारिवारिक संबंध बिगड़ गए। इसके बाद 14 जनवरी 2023 से रेनु अपने मायके सीतापुर में रहने लगी। रिश्तों में खटास बढ़ने पर राहुल गुप्ता ने पत्नी को साथ रखने से इंकार कर दिया।

पत्नी रेनु गुप्ता अपने पति के साथ रहना चाहती थी, इसलिए उसने कुटुंब न्यायालय में दांपत्य अधिकारों की बहाली के लिए प्रकरण दर्ज कराया, लेकिन मामला न्यायालय से खारिज हो गया। इसके बाद रेनु गुप्ता ने अपने पति राहुल गुप्ता एवं उसके अन्य परिजनों के विरुद्ध महिला थाना में शिकायत पत्र प्रस्तुत किया।

महिला थाना की पहल से बदली कहानी

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार महिला थाना अंतर्गत पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में मामले को काउंसलिंग के लिए लाया गया। महिला थाना में रेनु गुप्ता, तहसीलदार राहुल गुप्ता एवं दोनों पक्षों के परिजनों की उपस्थिति में कई चरणों में काउंसलिंग की गई।

प्रथम काउंसलिंग में ही राहुल गुप्ता ने पत्नी को साथ रखने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया था, जिससे रिश्ता लगभग समाप्त होने की स्थिति में पहुंच गया था। इसके बावजूद महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज एवं काउंसलिंग टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे।

तीन साल बाद फिर जुड़ा रिश्ता

लगातार प्रयासों के बाद 31 जनवरी 2026 को दोनों पक्षों को पुनः महिला थाना बुलाकर काउंसलिंग की गई। इस दौरान राहुल गुप्ता अपनी पत्नी रेनु गुप्ता को साथ रखने के लिए सहमत हुए, जिसके बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता कराया गया।

शिक्षित परिवार का यह दांपत्य, जो लगभग पूरी तरह टूट चुका था, महिला थाना की काउंसलिंग के फलस्वरूप फिर जुड़ गया। इसके बाद पति-पत्नी को परिजनों की मौजूदगी में जगदलपुर के लिए एक साथ रवाना किया गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.