Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

अंधविश्वास बना जानलेवा, भतीजे ने चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या

Document Thumbnail

 दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जादू-टोना के शक में एक भतीजे ने अपनी मां की मौत का बदला लेने की भावना से अपने ही चाचा की टंगिया (कुल्हाड़ी) से बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


मां की मौत का शक बना हत्या की वजह

घटना 3 फरवरी 2026 की है। मृतक की पहचान कोसा मंडावी (50 वर्ष) निवासी ग्राम पोंदुम-2, गोटखुटापारा के रूप में हुई है। आरोपी भतीजा मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी (27) को शक था कि उसकी मां सुकड़ी मंडावी की मौत जादू-टोना के कारण हुई है और इसके पीछे उसके चाचा कोसा मंडावी का हाथ है।

इसी संदेह को लेकर आरोपी और मृतक के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बदला लेने की नीयत से हत्या की साजिश रची। 3 फरवरी को वह मौका पाकर अपने चाचा के घर पहुंचा और टंगिया से सिर, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी मौके पर ही हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।

जांच में जुटी पुलिस, जंगल से पकड़ा गया आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर के आंगन में मृतक का शव खून से लथपथ मिला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पोंदुम और जारम के बीच जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

 जुर्म कबूल, हथियार बरामद

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से

  • हत्या में प्रयुक्त टंगिया (कुल्हाड़ी)
  • खून से सना हाफ नेकर

जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 पुलिस का बयान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन ने बताया कि यह जघन्य वारदात जादू-टोना के अंधविश्वास के चलते की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.