Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

स्पा नहीं, जिस्मफरोशी का अड्डा! होटल में पुलिस का छापा, संचालक-मैनेजर गिरफ्तार

Document Thumbnail

 रायगढ़। जिले में अवैध देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में छापा मारकर पुलिस ने देह व्यापार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर संचालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

योजना के तहत एक पुलिस कर्मचारी को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। तय संकेत मिलने के बाद शाम करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने होटल ट्रिनिटी में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाएं मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कमरों की तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने और अवैध कमाई के उद्देश्य से लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं। मामले में होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, ₹6,000 नकद, स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर और किरायानामा जब्त किया है। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026 दर्ज कर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

विनयकांत बरगट (43 वर्ष) – स्पा सेंटर संचालक, निवासी दुर्ग जिला, वर्तमान पता होटल ट्रिनिटी, रायगढ़

देवेन्द्र सिंह (48 वर्ष) – होटल मैनेजर, निवासी बीडपारा, रायगढ़

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.