Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

देश की आर्थिक स्थिरता, वित्तीय अनुशासन और कम महंगाई से पहचान बना भारत : सीतारमण

Document Thumbnail

 Budget 2026 : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज रविवार को लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश किया। बजट 2026-27 प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने आर्थिक स्थिरता, वित्तीय अनुशासन, निरंतर विकास और कम महंगाई के कारण एक मजबूत पहचान बनाई है। यह उन सोच-समझकर लिए गए फैसलों का परिणाम है, जो अनिश्चितता और कठिन परिस्थितियों में भी किए गए।


वित्त मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भरता को मार्गदर्शक मानते हुए सरकार ने घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत किया है, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित की है और आवश्यक आयात पर निर्भरता को कम किया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि सरकार की हर पहल का सीधा लाभ नागरिकों तक पहुंचे।

उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन, कृषि उत्पादकता बढ़ाने, परिवारों की क्रय शक्ति मजबूत करने और सभी को यूनिवर्सल सर्विस उपलब्ध कराने के लिए व्यापक सुधार किए गए हैं। इन उपायों के चलते देश को लगभग 7 प्रतिशत की उच्च विकास दर हासिल हुई है, जिससे गरीबी कम करने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिली है।

निर्मला सीतारमण ने कहा कि आर्थिक विकास को तेज़ करने और बनाए रखने के लिए सरकार छह प्रमुख क्षेत्रों में सुधार प्रस्तावित कर रही है। इनमें सात रणनीतिक क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना, पुराने औद्योगिक क्षेत्रों का पुनरुद्धार, चैंपियन एमएसएमई का निर्माण, बुनियादी ढांचे का विस्तार, दीर्घकालिक सुरक्षा एवं स्थिरता सुनिश्चित करना और शहरी आर्थिक क्षेत्रों का विकास शामिल है।

वित्त मंत्री ने वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान समय में व्यापार और बहुपक्षवाद पर दबाव है तथा संसाधनों और सप्लाई चेन तक पहुंच में बाधाएं आ रही हैं। नई तकनीकें उत्पादन प्रणालियों को तेजी से बदल रही हैं, वहीं पानी, ऊर्जा और आवश्यक खनिजों की मांग लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा, जहां महत्वाकांक्षा और समावेश के बीच संतुलन रहेगा। बढ़ती अर्थव्यवस्था और व्यापार की जरूरतों को देखते हुए भारत वैश्विक बाजारों से गहराई से जुड़ा रहेगा, निर्यात बढ़ाएगा और दीर्घकालिक स्थिर निवेश को आकर्षित करेगा।

वित्त मंत्री ने यह भी घोषणा की कि सरकार इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 लॉन्च करेगी और टेक्नोलॉजी तथा कुशल कार्यबल विकसित करने के लिए उद्योग-नेतृत्व वाले रिसर्च और ट्रेनिंग सेंटर्स पर विशेष फोकस किया जाएगा।

गौरतलब है कि बजट पेश किए जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को मंजूरी दी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.