Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में सनसनी: तीन साल की बच्ची की कब्र से छेड़छाड़, सिर का कंकाल गायब होने का आरोप

Document Thumbnail

 बालोद। बालोद जिले से एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के बीच गांव में तीन साल की मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


जानकारी के अनुसार, मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र की हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी का है। रविवार सुबह करीब 11 बजे एक किसान खेत की ओर जा रहा था, तभी उसकी नजर श्मशान घाट में बनी एक कब्र पर पड़ी। कब्र की मिट्टी उखड़ी हुई थी और पास में दिया, चावल, नींबू तथा झिल्ली में रखा कच्चे मांस का टुकड़ा मिला। आसपास कथित तौर पर तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री भी बिखरी हुई थी।

ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। मासूम की पहचान प्रिया साहू (लाडो) के रूप में हुई, जिसकी 9 अक्टूबर 2025 को तबीयत बिगड़ने के कारण मृत्यु हो गई थी। परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि यह नई घटना सामने आ गई।

परिजनों का आरोप है कि कब्र खोदकर बच्ची के सिर का कंकाल निकाल लिया गया और बाद में मिट्टी डालकर कब्र को दोबारा ढंक दिया गया। शिकायत के बाद प्रशासन की अनुमति से कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई। दोपहर करीब 3 बजे वीडियोग्राफी के बीच लगभग चार फीट नीचे से शव निकाला गया। परिजनों का दावा है कि शव से सिर गायब है। इसके बाद शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

हल्दी चौकी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महाशिवरात्रि की रात किसी प्रकार की तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि करीब नौ माह पहले पड़ोसी गांव सिर्राभाठा में भी कथित तांत्रिक गतिविधि से जुड़ा एक हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें पांच आरोपी वर्तमान में जेल में हैं।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में डर और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.