राजनांदगांव। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मुंबई–हावड़ा मेल एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे का कुल वजन 60 किलो 750 ग्राम बताया गया है।
आरपीएफ के अनुसार, नागपुर के पास सघन जांच के दौरान ट्रेन में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मुंबई–हावड़ा मेल के कोच नंबर A-1 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीट के नीचे रखे 6 संदिग्ध बैग बरामद किए गए।
बैगों की जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में गांजा पाया गया। पूछताछ में बैग चंदेश्वर पासवान और बिक्की कुमार के होने की पुष्टि हुई, जिन्हें मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल आरपीएफ मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

.gif)