Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

अवैध शिकार के मामले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार शिकारी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम लीमपानी और ग्राम बारीउमराव क्षेत्र में की गई।


वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लीमपानी निवासी एक व्यक्ति ने जंगली सुअर का शिकार किया है। सूचना के बाद विभाग द्वारा विशेष टीम गठित कर गांव में दबिश दी गई। पंचों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली गई।

घर से मांस और शिकार के औजार बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के घर से करीब 5 किलो जंगली सुअर का कच्चा मांस, दो पुराने जबड़े और तीन पैर बरामद किए गए। इसके साथ ही शिकार में उपयोग किए गए हथियार भी जब्त किए गए, जिनमें दो कुल्हाड़ी, एक परसुल, दो हंसिया, चार बंडल सेटिंग तार और लकड़ी का एक गुटका शामिल है।

फंदा लगाकर किया था शिकार

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पलमापहाड़ क्षेत्र में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था। फंदे में फंसने से सुअर की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने गांव के तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर सुअर को काटा और मांस आपस में बांट लिया। कुछ मांस पकाकर खाए जाने की भी पुष्टि हुई है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज

वन विभाग ने बरामद सामग्री, आरोपियों के कथन और पंचनामा के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराएं 9, 39, 44, 48(क), 51 और 52 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस संबंध में प्रकरण क्रमांक 32/01 दर्ज है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

24 जनवरी को सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 6 फरवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में कटघोरा जेल भेज दिया गया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शिकार की इस गतिविधि में और कोई व्यक्ति शामिल तो नहीं था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन्यजीव संरक्षण के तहत अवैध शिकार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.