Media24Media.com: डीआरआई ने ₹6.26 करोड़ मूल्य की प्रतिबंधित लाल चंदन की तस्करी नाकाम की, 15 मीट्रिक टन जब्त, चार गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

डीआरआई ने ₹6.26 करोड़ मूल्य की प्रतिबंधित लाल चंदन की तस्करी नाकाम की, 15 मीट्रिक टन जब्त, चार गिरफ्तार

Document Thumbnail

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने प्रतिबंधित/निषिद्ध लाल चंदन (रेड सैंडर्स) के अवैध निर्यात के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। इस कार्रवाई में ₹6.26 करोड़ मूल्य का कुल 15 मीट्रिक टन लाल चंदन जब्त किया गया है तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। लाल चंदन (Pterocarpus santalinus) को CITES की परिशिष्ट–II में तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची–IV में सूचीबद्ध किया गया है और विदेश व्यापार नीति के तहत इसका निर्यात प्रतिबंधित/निषिद्ध है।

डीआरआई अधिकारियों को विशेष खुफिया जानकारी मिली थी कि चेन्नई और उसके आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न गोदामों में लाल चंदन को गुप्त रूप से संग्रहीत किया गया है और इसे चेन्नई से दिल्ली के रास्ते विदेश भेजने की कोशिश की जा रही है। इस सूचना के आधार पर डीआरआई ने 09.12.2025 से 11.12.2025 के बीच तीन अलग-अलग परिसरों में समन्वित और सुनियोजित तलाशी अभियान चलाया।

एक परिसर से ग्रेड-ए गुणवत्ता के 169 लाल चंदन के लट्ठे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 5.55 मीट्रिक टन था। इनमें से 76 लट्ठों को सफेद एचडीपीई पैकिंग सामग्री में लपेटकर छिपाया गया था और इन्हें ‘घरेलू सामान’ के कवर कार्गो के साथ दिल्ली ले जाकर अवैध निर्यात के लिए ट्रक में लोड करने की तैयारी थी। इन प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ-साथ कवर कार्गो को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया।

अन्य दो परिसरों से 9.55 मीट्रिक टन लाल चंदन बरामद किया गया, जो लट्ठों, जड़ों और फर्नीचर के रूप में था। इसे भी विधिसम्मत रूप से जब्त किया गया।

इस मामले में जिन चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें मुख्य संचालक, लाल चंदन की पैकिंग और परिवहन में शामिल उसके दो सहयोगी तथा आपूर्ति पक्ष का एक मध्यस्थ शामिल है। मामले की आगे की जांच जारी है।

राजस्व खुफिया निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि वह देश की आर्थिक सीमाओं से खिलवाड़ करने और भारत की समृद्ध जैव विविधता को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखेगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.