Media24Media.com: दिल्ली धमाके के बाद रेल में दहशत, महानगरी एक्सप्रेस में मिला संदिग्ध संदेश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दिल्ली धमाके के बाद रेल में दहशत, महानगरी एक्सप्रेस में मिला संदिग्ध संदेश

Document Thumbnail

 मुंबई। दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके के बाद अब महानगरी एक्सप्रेस से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रेन के जनरल कोच के बाथरूम में किसी ने दीवार पर “ISI” और “पाकिस्तान जिंदाबाद” लिखा मिला। घटना के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।


महानगरी एक्सप्रेस मुंबई और चेन्नई के बीच चलती है। बुधवार सुबह जब यह संदेश मिला, तो तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। धमाके के बाद देशभर में पहले से ही सुरक्षा अलर्ट था, ऐसे में रेलवे ने इसे गंभीरता से लेते हुए हाई अलर्ट घोषित कर दिया।

दादर स्टेशन पर दिखा संदेश, पूरे रूट पर अलर्ट

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, सबसे पहले यह संदेश दादर स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की नजर में आया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई और मुंबई से लेकर भुसावल तक सभी रेलवे स्टेशनों को सतर्क कर दिया गया।

डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDS) को मौके पर बुलाया गया। सुबह करीब 8:30 बजे, जब ट्रेन भुसावल स्टेशन पहुंची, तो रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने मिलकर पूरे ट्रेन की संयुक्त तलाशी ली।

सुरक्षा टीमों ने हर डिब्बे, सीट, लगेज रैक और शौचालय की गहन जांच की। यात्रियों के सामान की भी पूरी तलाशी ली गई। लगभग एक घंटे की जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

RPF अधिकारी ने दी जानकारी

रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक पी.आर. मीणा ने बताया –

“ट्रेन के सभी डिब्बों की बम निरोधक दस्ते ने जांच की है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर ली गई है। यह किसी की शरारत हो सकती है, लेकिन जांच जारी है।”

महाराष्ट्र के सभी रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई चौकसी

इस घटना के बाद महाराष्ट्र के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। स्थानीय यात्रियों में भी चिंता और सतर्कता का माहौल है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.