Media24Media.com: रफ्तार का रण रायपुर में! नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में उतरेंगे 115 प्रो राइडर्स

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

रफ्तार का रण रायपुर में! नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में उतरेंगे 115 प्रो राइडर्स

Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर अब तैयार है रफ्तार, रोमांच और जंप्स के धमाकेदार मुकाबले के लिए। छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन के बैनर तले बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में 8 और 9 नवंबर को नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर से करीब 115 प्रोफेशनल राइडर्स हिस्सा लेंगे।


देशभर से पहुंचे प्रो राइडर्स

एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले सभी राइडर्स 7 नवंबर तक रायपुर पहुंच जाएंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ के लगभग 50 राइडर्स फिलहाल पाटन स्थित ट्रैक पर अभ्यास कर रहे हैं। इनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरने का मौका दिया जाएगा।

थीम: सेफ रेसिंग, सेफ राइडिंग, सेफ ड्राइविंग

इस वर्ष की प्रतियोगिता की थीम है — “सेफ रेसिंग, सेफ राइडिंग, सेफ ड्राइविंग”, जिसका उद्देश्य युवा राइडर्स को रफ्तार के साथ जिम्मेदारी का संदेश देना है।

स्टेडियम बना मोटोकॉस ट्रैक

एसोसिएशन के महासचिव अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि बूढ़ापारा स्टेडियम को एक विशेष मोटोकॉस ट्रैक में तब्दील किया गया है। मैदान को समतल कर 3 से 5 फीट ऊंची जंपिंग बाधाएं तैयार की गई हैं, जहां राइडर्स अपनी गति और नियंत्रण का अद्भुत संतुलन दिखाएंगे।
फ्री-स्टाइल मोटोक्रॉस (FMX) के लिए 13 फीट ऊंचा हर्डल ट्रैक बनाया जा रहा है, जो दर्शकों के लिए एड्रेनालिन से भरपूर अनुभव देगा।

कम उम्र के राइडर्स भी दिखाएंगे हुनर

खास बात यह है कि 10 साल से कम उम्र के बच्चे भी इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन करेंगे। उन्हें सभी सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ट्रैक पर उतरने की अनुमति दी जाएगी। देश की सबसे कम उम्र की महिला राइडर ऐलिना मंसूर, जिन्होंने 9 वर्ष की उम्र में नेशनल डेब्यू किया था और अब 14 की हो चुकी हैं, रायपुर ट्रैक पर एक बार फिर अपना जलवा दिखाएंगी।

बड़ी कंपनियों की टीमें होंगी शामिल

इस रेस में यामाहा, टीवीएस और होंडा जैसी प्रमुख मोटरसाइकिल कंपनियों की टीमें भी भाग लेंगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक ने कहा,

“यह प्रतियोगिता नेशनल सुपरक्रॉस नियमों के तहत आयोजित होगी। सुरक्षा के सभी मानक सख्ती से लागू किए गए हैं। हमारा उद्देश्य है कि रफ्तार का मज़ा भी मिले और सुरक्षा भी बरकरार रहे।”

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.