Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

अंधविश्वास ने ली तीन मासूमों की जान: गरियाबंद में झाड़-फूंक और झोला-छाप डॉक्टर के चक्कर में गई जान

Document Thumbnail

 गरियाबंद (छत्तीसगढ़)। गरियाबंद जिले के धनौरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत अंधविश्वास और झोला-छाप डॉक्टर के इलाज पर भरोसा करने के कारण हो गई। सर्दी-खांसी और बुखार की सामान्य बीमारी से पीड़ित ये बच्चे समय पर अस्पताल नहीं ले जाए गए, जिससे उनकी हालत बिगड़ती चली गई।


मजदूरी करने वाले डमरूधर नागेश के घर से एक साथ तीन चिताएं उठीं। 8 वर्ष की अनीता, 7 वर्ष का ऐकराम और 4 वर्ष का गोरेश्वर—तीनों पिछले कुछ दिनों से बीमार थे, लेकिन परिवार ने सरकारी अस्पताल जाने के बजाय झाड़-फूंक और गांव के कथित झोला-छाप डॉक्टर पर भरोसा किया।

11 नवंबर को अनीता की मौत हो गई, जबकि 13 नवंबर की सुबह ऐकराम और दोपहर को गोरेश्वर ने दम तोड़ दिया।

अंतिम समय में अस्पताल ले जाया गया, पर बहुत देर हो चुकी थी

परिजन बच्चों को अंतिम समय में अमलीपदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे।
डॉ. रमाकांत ने बताया कि बच्चे अस्पताल पहुंचने से पहले ही जीवन खो चुके थे।

मितानिन और सीएचओ ने कई बार परिवार को बच्चों को सरकारी अस्पताल लाने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार नहीं माना। एक बच्चे को तो बीमारी के दौरान देवी मंदिर ले जाया गया था।

जिला प्रशासन हरकत में, हाई-लेवल जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. यू.एस. नवरत्न ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।

टीम गांव पहुंच चुकी है और चाइल्ड एक्सपर्ट के साथ जांच शुरू कर दी गई है। सीएमएचओ ने बताया—
“रिपोर्ट डायरेक्टर हेल्थ को भेज दी जाएगी। राज्य स्तर की विशेष टीम भी गांव पहुंचेगी। यदि किसी संक्रामक बीमारी का खतरा हो तो तुरंत जानकारी मिल जाएगी।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि झोला-छाप डॉक्टरों और अंधविश्वास फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गांव में अंधविश्वास की पहले भी कीमत चुकाई गई है

कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में सर्पदंश की घटना के बाद एक परिवार ने अस्पताल जाने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया था, जिससे दो लोगों की मौत हो गई थी।

दुहराती त्रासदी ने गांव में फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि स्वास्थ्य सुविधाएं होते हुए भी अंधविश्वास क्यों हावी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.