रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर वन मंडल के आसना में राज्य का पहला वन विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसे राष्ट्रीय कैम्पा मिशन, भारत सरकार की स्वीकृति मिल गई है। 23वीं क्रियान्वयन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि पायलट बेसिस पर झारखंड, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश में एक-एक वन विज्ञान केंद्र शुरू किए जाएं।
केंद्र के संचालन, प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम निर्धारण के लिए मुख्य वन संरक्षक, जगदलपुर वृत्त की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति में 8 विषय विशेषज्ञ और विभिन्न वन अधिकारियों को शामिल किया गया है।
सलाहकार समिति में प्रमुख सदस्य हैं:
- डॉ. गिरीश चंदेल (कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर)
- डॉ. संजीवन कुमार (सह-प्राध्यापक, शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर)
- डॉ. राहुल मुंगीकर (पुणे, महाराष्ट्र)
- राजेश गुप्ता, गिरीश कुबेर, राजीव शर्मा, डॉ. एम.एल. नायक, सुबोध मनोहर पांडे
बस्तर वन मंडलाधिकारी को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। समिति के सदस्य संचालन, प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम निर्धारण में सहयोग करेंगे, लेकिन उन्हें किसी प्रकार का मानदेय या वेतन नहीं दिया जाएगा।
यह पहल छत्तीसगढ़ में वन विज्ञान और संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

.gif)