आरंग । शिक्षक दिवस के अवसर पर आज शुक्रवार को राजभवन रायपुर में राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 की घोषणा की गई। समारोह में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने इस वर्ष के पुरस्कार के लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चरौदा (आरंग) के नवाचारी शिक्षक महेन्द्र कुमार पटेल का नाम घोषित किया।
वर्षों की प्रतीक्षा के बाद सफलता
महेन्द्र पटेल 2018 से लगातार राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन कर रहे थे। लंबे इंतजार के बाद इस वर्ष उनका चयन हुआ है। सूत्रों के अनुसार, अब तक आरंग विकासखंड के किसी भी शिक्षक को राज्य शिक्षक पुरस्कार नहीं मिला है। श्री पटेल ब्लॉक के पहले शिक्षक हैं, जिन्हें यह सम्मान मिलेगा।
पहले भी मिले कई सम्मान
शिक्षक महेन्द्र को पहले भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। सत्र 2016 में उन्हें जिला स्तर पर मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण (ज्ञानदीप) से सम्मानित किया गया था। विभिन्न संस्थानों ने भी राज्य स्तर पर उन्हें कई पुरस्कार प्रदान किए हैं।