Media24Media.com: छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस जौनपुर में हादसे का शिकार ट्रेलर में घुसी बस, 4 की मौत, 9 गंभीर घायल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस जौनपुर में हादसे का शिकार ट्रेलर में घुसी बस, 4 की मौत, 9 गंभीर घायल

Document Thumbnail

 जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। यूपी के जौनपुर जिले में रविवार रात श्रद्धालुओं से भरी बस एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर बस ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे।


ऐसे हुआ हादसा

एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हादसा लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास हुआ। बस के आगे एक ट्रेलर चल रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पीछे से ट्रेलर में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। इस बीच हाईवे पर कुछ देर जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे पुलिस ने बाद में खुलवाया।

श्रद्धालु कर रहे थे धार्मिक यात्रा

जानकारी के मुताबिक, बस में छत्तीसगढ़ से निकले लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे। ये लोग 7 सितंबर को यात्रा पर निकले थे। समूह ने अमरकंटक, मैहर देवी, चित्रकूट, वृंदावन और अयोध्या के दर्शन कर लिए थे। रविवार को रामलला के दर्शन करने के बाद सभी काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के लिए रवाना हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शी का बयान

बस में सवार यात्री दिलीप दास ने बताया कि सभी लोग रात को बस में सो रहे थे। करीब 3 बजे अचानक जोरदार टक्कर हुई। "मैं पीछे बैठा था इसलिए हल्की चोट आई, लेकिन आगे बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। ड्राइवर केबिन में दबकर जान गंवा बैठा और एक साथी खिड़की से बाहर लटक गया था," दिलीप ने बताया।

मृतक और घायलों की स्थिति

हादसे में बस चालक दीपक (39), आशा भवन (30), गुलाब (32) और एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। वहीं, 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.