Media24Media.com: BIG NEWS : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से बड़ा हादसा, 38 की मौत, 200 से ज्यादा लापता

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

BIG NEWS : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से बड़ा हादसा, 38 की मौत, 200 से ज्यादा लापता

Document Thumbnail

किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) : आज गुरुवार दोपहर लगभग 12:30 बजे किश्तवाड़ जिले के मचैल माता मंदिर यात्रा मार्ग पर चशोती गांव के पास बादल फटने से भारी तबाही मच गई। इस आपदा में दो CISF जवानों समेत 38 लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक लोग लापता हैं। घटना के बाद अचानक आई बाढ़ ने यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया।


अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 100 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 37 की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल लोगों को किश्तवाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 70–80 घायलों का इलाज पड्डार के उप-जिला अस्पताल में चल रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

चशोती गांव में मची तबाही

चशोती गांव, किश्तवाड़ शहर से लगभग 90 किलोमीटर दूर स्थित है और मचैल माता यात्रा का अहम पड़ाव है। श्रद्धालु यहां तक वाहनों से आते हैं और फिर 8.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके मंदिर पहुंचते हैं। बादल फटने से आई बाढ़ में यहां लगे लंगर, दुकानें, एक सुरक्षा चौकी और कई अन्य इमारतें बह गईं।

मचैल माता यात्रा रद्द

इस हादसे के बाद वार्षिक मचैल माता यात्रा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। प्रशासन ने बचाव एवं राहत कार्यों पर पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया है। एनडीआरएफ की दो टीमें उधमपुर से किश्तवाड़ भेजी गई हैं।

प्रशासन की तत्परता

किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल पर जाकर बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी जिला प्रशासन से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि भारी जनहानि की आशंका है और बचाव दल मौके पर काम कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी की तलहटी में बसे कई घर भी बाढ़ की चपेट में आए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। अब तक 100 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.