रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 जुलाई 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले देश के दूसरे प्रधानमंत्री बनने का इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा,- “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर क्षेत्र में भारत को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वे आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं और देश की जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार का मूलमंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ रहा है, जिसके तहत ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, - “प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ भारतीयों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व में भारत ने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज की है।”