जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कुनकुरी को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने गिनाबहार में 8.77 करोड़ की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरीय मातृ शिशु चिकित्सालय और 50 लाख की लागत से तैयार होने वाले ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भूमिपूजन किया।
इस अवसर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जिले में स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास की एक और कड़ी जुड़ रही है। इस अस्पताल के निर्माण से इस क्षेत्र की माताओं बहनों और बच्चों को काफी लाभ होगा। कुनकुरी के साथ ही फरसा बहार, कांसाबेल और दुलदुला क्षेत्र के लोग इससे लाभान्वित होंगे। उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रहे हैं। जशपुर में 200 बेड अस्पताल का निर्माण होने जा रहा है। इसका टेंडर लग चुका है।
इस बजट में यहां मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रावधान किया गया है। यहां नर्सिंग और फिजियोथेरेपी कॉलेज खोले जाएंगे। आयुष्मान कार्ड और जेनरिक दवा दुकानों के माध्यम से किफायती इलाज उपलब्ध करा रहे हैं। वय वंदन योजना का लाभ सभी वर्ग के वृद्ध जनों को मिलेगा, यह स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। मितानिनों के मानदेय की राशि ऑनलाइन प्रदान करने की सुविधा की शुरुआत किए है। जिससे समय पर उनको भुगतान हो सके।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज विश्व योग दिवस का दिन है। आप सबसे आग्रह है कि आप अपनी दिनचर्या में योग को जरूर शामिल करें। अच्छे स्वास्थ्य के लिए शरीर की स्वच्छता के साथ मन को संतुलित करने के लिए योग आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टररोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, भरत सिंह, कृष्ण कुमार राय, सुनील गुप्ता, उपेन्द्र यादव, राजकुमार गुप्ता, अमन शर्मा, गोपाल कश्यप, मनोज जायसवाल, राजेश चौधरी, यशवंत यादव, विकास नाग, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी- कर्मचारी और ग्रामीणजन मौजूद थे।