Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

इजरायली सेना का भारत से माफी मांगना, विवादित बयान पर खेद

Document Thumbnail

इजरायल रक्षा बलों (IDF) द्वारा शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए एक नक्शे ने विवाद को जन्म दे दिया है। दरअसल इस नक्शे में ईरानी मिसाइलों की रेंज को दिखाया गया था, लेकिन इसमें भारत की सीमाओं को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। नक्शे में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा और अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा दिखाया गया, जिसके बाद भारतीय यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर IDF को माफी मांगनी पड़ी।


क्या है पूरा मामला?

13 जून को IDF ने एक ग्राफिकल वर्ल्ड मैप पोस्ट किया, जिसमें ये दिखाया गया कि ईरान की मिसाइलें दुनिया के किस-किस हिस्से तक मार कर सकती हैं। पोस्ट के साथ लिखा गया, "ईरान एक वैश्विक खतरा है। इजरायल उसका अंतिम लक्ष्य नहीं है, यह तो केवल शुरुआत है। हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था, सिवाय कार्रवाई करने के।" हालांकि, इस नक्शे में भारत की सीमाओं को सटीक रूप से नहीं दिखाया गया था, जिसने विवाद को हवा दे दी।

गलत नक्शे का खुलासा

सोशल मीडिया यूजर्स ने जल्द ही नक्शे में गलतियों को नोटिस किया। जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा और अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा दिखाने के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी क्षेत्र को नेपाल से जोड़ा गया था। इस गलती ने भारतीय नागरिकों और नेताओं को नाराज कर दिया, क्योंकि यह भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर सवाल उठाता है।


फूटा भारतीय जनता का गुस्सा

एक्स पर यूजर्स ने IDF के पोस्ट के नीचे तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, "कृपया भारत की सीमाओं को सही करें। ऐसी गलतियां न करें।" दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, "इजरायल ने कश्मीर को पाकिस्तान और अरुणाचल को चीन का हिस्सा दिखाया। इसे तुरंत हटाएं।" कई यूजर्स ने सही नक्शे के साथ जवाबी पोस्ट किए और IDF से त्रुटि को ठीक करने की मांग की।


IDF ने मांगी माफी

विवाद बढ़ता देख IDF ने 13 जून को ही दोपहर एक जवाबी पोस्ट जारी की। इसमें कहा गया, "यह पोस्ट महज क्षेत्र का एक चित्रण है। यह नक्शा सीमाओं को सटीक रूप से दर्शाता नहीं है। इस तस्वीर के कारण हुई किसी भी ठेस के लिए हम क्षमा चाहते हैं।" इसके अलावा, भारत में इजरायल के राजदूत ने भी इस पर सफाई दी। उन्होंने एक भारतीय यूजर की शिकायत पर लिखा, "यह एक खराब अनपेक्षित इन्फोग्राफिक है। पहले ही हटाने/ठीक करने के लिए कह दिया गया है।" हालांकि, इस माफी के बावजूद कई यूजर्स ने मांग की कि गलत नक्शे को हटाकर सही नक्शे के साथ नया पोस्ट किया जाए।

पिछले साल भी इजरायल ने भारत का गलत मैप दिखाया था जिसे बाद में हटा लिया गया था। मानचित्र में जम्मू और कश्मीर को गलत तरीके से दर्शाया गया था। तब इजरायली राजदूत ने कहा था कि ये वेबसाइट के एडिटर की गलती से वजह से ऐसा हुआ और उस गलत मैप को हटा दिया गया है। भारत और इजरायल के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी और खुफिया जानकारी के क्षेत्र में मजबूत संबंध रहे हैं। 1992 में पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से दोनों देशों ने आतंकवाद विरोधी और सैन्य सहयोग को बढ़ाया है। हालांकि इजरायल की ये इस तरह की पहली गलती नहीं है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.