रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “संकल्प से सिद्धि” अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेसवार्ता कर मोदी सरकार की उपलब्धियों और छत्तीसगढ़ में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।
सीएम साय बोले – छत्तीसगढ़ से पीएम मोदी का पुराना नाता
रायपुर स्थित सिविल लाइन के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा नाता रहा है। संगठनकर्ता के रूप में उन्होंने प्रदेश के कोने-कोने का दौरा किया है। आज भी उनका मार्गदर्शन हमारे लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है और आज देश जापान को पछाड़कर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
सुशासन और विकास योजनाएं बनीं आधार
सीएम साय ने कहा कि पिछली सरकार के समय जहां गरीबों के हक छीने गए, वहीं भाजपा की सरकार बनते ही 14 दिसंबर को पहली कैबिनेट में प्रधानमंत्री आवास योजना को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान यह देखने को मिला कि गांवों में राज मिस्त्रियों की कमी हो गई, क्योंकि बड़ी संख्या में पीएम आवास स्वीकृत हो चुके हैं।
कृषकों और महिलाओं के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 5 लाख 60 हजार भूमिहीन कृषकों को 10,000 रुपये सालाना की सहायता दी जा रही है। किसानों को दो साल का बकाया बोनस भी दिया गया है। वहीं महिलाओं के खाते में हर महीने सम्मान राशि भेजी जा रही है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
जनजातीय सम्मान और योजनाएं
स्वयं जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “आज हमारे देश की राष्ट्रपति भी एक आदिवासी महिला हैं, यह हर जनजातीय नागरिक के लिए गौरव का विषय है।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना से विशेष पिछड़ी जनजातियों को सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख
सीएम ने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। ऑपरेशन सिंदूर इसका उदाहरण है। नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई के चलते कई बड़े नक्सली लीडर मारे गए हैं। भ्रष्टाचार के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं और CGPSC घोटाले पर भी कड़ी कार्रवाई हो रही है।
नई उद्योग नीति और निवेश
विष्णु देव साय ने बताया कि प्रदेश की नई उद्योग नीति के तहत निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट दी जा रही है, जिससे आने वाले समय में रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।