रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल जी की महान उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि क्षेत्रीय पहचान, सांस्कृतिक विरासत, और विकास की संभावनाओं को पहचानते हुए छत्तीसगढ़ को एक स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिले। उनका यह निर्णय राज्य के लोगों के लिए प्रगति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करने वाला साबित हुआ। यह कहना है रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का जो बुधवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेई जी 100 वीं जयंती "सुशासन दिवस" के अवसर पर राजधानी में अटल चौक, अवंती विहार और कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए और अटल जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
अग्रवाल ने अटल जी को याद करते हुए कहा कि, अटल जी कोई व्यक्ति नहीं बल्कि युग पुरुष थे, जिनका जीवन राष्ट्र सेवा, भारतीय राजनीति और समाज को नई दिशा देने के लिए समर्पित था। उनकी दूरदर्शी सोच और नीतियों ने भारत को विकास के पथ पर अग्रसर किया।
अटल जी की नेतृत्व क्षमता, कवित्व, और मानवता ने हर भारतीय को प्रेरित किया। वह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक ऐसे विचारक और मार्गदर्शक थे जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया। उनका जीवन और उनकी सोच हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा समेत नगर निगम अधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।