Media24Media.com: IPL 2025: खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जारी, धोनी खेलेंगे IPL, दिल्ली कैपिटल्स से पंत बाहर, देखें कौन-कौन से खिलाड़ी हुए रिटेन?

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

IPL 2025: खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जारी, धोनी खेलेंगे IPL, दिल्ली कैपिटल्स से पंत बाहर, देखें कौन-कौन से खिलाड़ी हुए रिटेन?

Document Thumbnail

 IPL 2025 Retention List: आईपीएल 2025 (IPL 2025) के लिए सभी 10 टीमों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट का ऐलान कर दिया है. बड़ी खबर ये है कि एमएस धोनी आईपीएल 2025 खेलेंगे और उन्हें चेन्नई ने रिटेन किया है. वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को रिटेन नहीं किया है. केएल राहुल भी लखनऊ सुपरजायंट्स से बाहर हो गए हैं. मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा समेत 5 खिलाड़ियों को रिटेन किया है. बेंगलुरु ने सिर्फ तीन ही खिलाड़ी रिटेन किए हैं जिनमें विराट कोहली, रजत पाटीदार और यश दयाल शामिल हैं. पंजाब की टीम ने 2 ही खिलाड़ी रिटेन किए हैं.


मुंबई इंडियंस ने 5 खिलाड़ी रिटेन किए हैं जिनमें हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा शामिल हैं. सबसे ज्यादा 18 करोड़ रुपये जसप्रीत बुमराह को दिए गए हैं. सूर्यकुमार यादव को 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया. हार्दिक पंड्या भी 16.35 करोड़ में रिटेन हुए. रोहित शर्मा को 16.30 करोड़ में रिटेन किया गया. तिलक वर्मा 8 करोड़ में रिटेन हुए हैं.

दिल्ली की टीम ने सबसे ज्यादा 16.50 करोड़ रुपये अक्षर पटेल को दिए हैं. कुलदीप यादव को 13.25 करोड़ रुपये मिलेंगे. ट्रिस्टन स्टब्स 10 करोड़ में रिटेन हुए हैं. अभिषेक पोरेल को 4 करोड़ में रिटेन किया गया है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने हैरान करने वाला फैसला लेते हुए अपने कप्तान श्रेयस अय्यर को ही रिलीज कर दिया है. केकेआर ने 6 खिलाड़ी रिटेन किए हैं जिनमें रिंकू सिंह को सबसे ज्यादा 13 करोड़ रुपये हासिल हुए हैं. वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन 12-12 करोड़ में रिटेन हुए हैं. आंद्रे रसेल 12 करोड़ और हर्षित राणा-रमनदीप सिंह 4-4 करोड़ में रिटेन हुए हैं.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सभी को चौंकाते हुए सिर्फ 3 ही खिलाड़ी रिटेन किए. आरसीबी ने विराट कोहली को सबसे ज्यादा 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया. रजत पाटीदार 11 करोड़ में रिटेन हुए और यश दयाल को 5 करोड़ में रिटेन किया गया. आरसीबी ने अपने कप्तान फाफ डुप्लेसी को ही रिटेन नहीं किया. मैक्सवेल भी रिलीज हो गए हैं.

राजस्थान रॉयल्स ने 6 खिलाड़ियों को रिटेन किया है. जिनमें कप्तान संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल 18-18 करोड़ रुपये में रिटेन हुए हैं. रियान पराग और ध्रुव जुरेल 14-14 करोड़ रुपये में रिटेन हुए हैं. शिमरॉन हेटमायर 11 करोड़ में रिटेन हुए हैं. संदीप शर्मा 4 करोड़ में रिटेन हुए. टीम ने युजवेंद्र चहल और अश्विन दोनों को रिलीज कर दिया है.

सनराइजर्स हैदराबाद ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिनमें हेनरिक क्लासेन 23 करोड़ रुपये में टीम में बने रहेंगे. कप्तान पैट कमिंस 18 करोड़ में रिटेन हुए हैं. अभिषेक शर्मा 14 करोड़ में रिटेन हुए. ट्रेविस हेड को भी 14 करोड़ रुपये मिले हैं. नीतीश रेड्डी को 6 करोड़ रुपये हासिल हुए हैं.

लखनऊ सुपरजायंट्स ने अपने कप्तान केएल राहुल को ही रिटेन नहीं किया. निकोलस पूरन को सबसे ज्यादा 21 करोड़ रुपये मिले हैं. रवि बिश्नोई और मयंक यादव 11-11 करोड़ में रिटेन हुए हैं. मोहसिन खान, आयुष बढोनी को 4-4 करोड़ में रिटेन किया गया.

चेन्नई सुपरकिंग्स ने पांच खिलाड़ी रिटेन किए हैं. जिनमें ऋतुराज गायकवाड़ और रवींद्र जडेजा को 18-18 करोड़ रुपये दिए गए हैं. मथीश पथिराना 13 करोड़ में रिटेन हुए हैं. शिवम दुबे 12 करोड़ में रिटेन हुए. धोनी को 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया.

गुजरात टाइटंस ने राशिद खान को 18 करोड़ में रिटेन किया है. जबकि कप्तान शुभमन गिल 16.5 करोड़ में रिटेन हुए हैं. साई सुदर्शन 8.5 करोड़ रुपये में रिटेन हुए हैं. राहुल तेवतिया और शाहरुख खान 4- 4 करोड़ में रिटेन हुए हैं.

पंजाब किंग्स ने 2 खिलाड़ी रिटेन किए हैं. शशांक सिंह को 5.5 करोड़ रुपये, प्रभसिमरन सिंह को 4 करोड़ में रिटेन किया गया है.

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.