Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ का 'महाठग' शिवा साहू गिरफ्तार, अब खुलेगा अरबपति बनने का राज

 रायपुर : अरबपति महाठग शिवा साहू को पुलिस ने 2 करोड़ 26 लाख रुपए की ठगी के आरोप में रायपुर के एक मॉल से गिरफ्तार किया है। सरसींवा पुलिस ने शिवा के साथ उसके साथी सूर्यकांत साहू, रमेश साहू, दिनेश साहू, लक्ष्मीनारायण साहू और भागवत साहू भी पकड़ा है।


जानकारी के मुताबिक FIR दर्ज होते ही सभी आरोपी पिछले 3 महीने से फरार थे। पुलिस के साथ आंखमिचौली का खेल खेल रहे थे। सभी आरोपियों को रायपुर और बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे जल्द मामले का खुलासा होगा।

फरारी के दौरान शिवा साहू बेंगलुरू, दिल्ली, मुंबई जैसी मेट्रोसिटी में रहा। बताया जा रहा है शिवा साहू मंगलवार को रायपुर पंहुचा था। साइबर टीम भी लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी। पुलिस को गुमराह करने वह अलग-अलग सिम बदल रहा था। इसी बीच तेलीबांधा के पास दुकान में खरीदारी करते हुआ उसका लोकेशन मिला। इसके बाद वह मैग्नेटो मॉल चला गया, जहां से पुलिस ने उसे शाम 5.30 बजे धर दबोचा।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का एक साधारण युवक, जिसके पिता खेती-किसान और बढ़ई का काम करते हैं, वो महज चंद महीनों में अरबपति बन गया। उसके पास बेशुमार दौलत आ गई। यही वजह है कि जिले के रायकोना गांव का रहने वाला शिवा साहू सुर्खियों में हैं। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि महज एक साल में ही शिवा 1500 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी का मालिक बन गया। दौलत बरसी तो शिवा को लग्जरी गाड़ियों का शौक हो गया। आलम ये है कि उसके पास 100 से ज्यादा महंगी गाड़ियां हैं। इसके पास मर्सिडीज, BMW, थार जैसी कारें हैं। महज 23 साल का शिवा अचानक अरबपति कैसे बन गया, ये सवाल लोगों के जहन में कौंध रहा है। उसकी चमत्कारिक कामयाबी लोगों को हैरान कर रही है, जिससे अब जल्द पर्दा उठने वाला है।

दरअसल, सारंगढ़ जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर सरसींवा थाना इलाके में रायकोना गांव आता है। यहां शिवा साहू नाम का युवक रहता है। उसने पिछले कुछ महीने में ही करोड़ों की कार, जमीन और घर बनाकर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

कोई इतने कम समय में कैसे अमीर हो सकता है, ये सवाल इसलिए बड़ा हो गया, क्योंकि शिवा के पिता सामान्य किसान हैं और गांव में पहले बढ़ई का काम करते थे। मगर सफलता के बाद शिवा और उसका परिवार गांव के सबसे अमीर लोगों में शामिल हो गया है।

शिवा साहू के खिलाफ कुछ लोगों ने सरसींवा थाने में शिकायत भी की थी कि रुपए डबल करने के नाम पर उसने ठगी की है। शिकायत करने वाले लोगों से शिवा ने वादा किया था की उन्हें वह 30 फीसदी ब्याज देगा। साथ ही रुपयों को आठ महीने में डबल कर देगा। इसी केस में पुलिस ने शिवा साहू समेत 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की है। 3 महीने पहले शिवा साहू के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि भारी ब्याज देने के एवज में 4 लोगों से 2 करोड़ रुपए लिए। इस पर पुलिस ने शिवा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, लेकिन इसके बाद थाने में सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए और शिवा के पक्ष में नारेबाजी करते हुए अपने साथ ले गए थे। इस दौरान वह खुली गाड़ी में शान से पुलिस के सामने से निकल गया था। पुलिस भीड़ के सामने उस समय कुछ नहीं कर पाई। अब पुलिस ने कई शहरों में छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी की है। आरोपी लगातार जगह बदल रहे थे।

कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में कई जिलों से लोग अपनी मेहनत की कमाई का पैसा लाकर शिवा को देते थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि शिवा महीने का 2 से 5 करोड़ रुपए सिर्फ ब्याज के मुनाफे से कमाता था। इसके अलावा शिवा शेयर मार्केट में पैसे लगाकर भारी मुनाफा कमाता था। इसके साथ ही वह बिटकॉइन में भी पैसा लगाता था।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि शिवा ने ठगी से बेशुमार पैसा बनाया है। पुलिस के पास अभी तक 4 करोड़ की ठगी का मामला पहुंचा है। बताया जाता है कि जिन लोगों से वह पैसे निवेश करवाता था, शुरुआत में उन्हें मोटा ब्याज देता था। सारंगढ़ इलाके में उसके कई एजेंट घूमते थे, जो लोगों से रुपए निवेश करवाते थे। अब शिवा साहू गिरफ्तार हो चुका है, जल्द अरबपति बनने का खुलासा होगा कि आखिर उसने करोड़ों की संपत्ति कैसे बनाई।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.