Media24Media.com: पुरी में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा के दौरान पटाखों में हुआ विस्फोट, 15 लोग झुलसे, 4 की हालत गंभीर

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पुरी में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा के दौरान पटाखों में हुआ विस्फोट, 15 लोग झुलसे, 4 की हालत गंभीर

Document Thumbnail

  ओडिशा के जगन्नाथ पुरी से हादसे की दुखद खबर सामने आ रही है। बुधवार की रात भगवान जगन्नाथ के चंदन यात्रा उत्सव के दौरान धमाके की खबर है। जानकारी के मुताबिक, चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट हो गया जिसमें करीब 15 लोग बुरी तरह से झुलस गए। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल ले जाया गया है। बताया गया है कि इनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर है। आइए जानते हैं कैसे हुआ ये पूरा हादसा।


पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया है कि हादसे के वक्त सैकड़ों लोग चंदन यात्रा उत्सव को देखने के लिए नरेन्द्र पुष्करिणी सरोवर के तट पर एकत्र हुए थे। इस दौरान श्रद्धालुओं का एक समूह आतिशबाजी कर रहा रहा था। तभी एक चिंगारी पटाखों के ढेर पर गिर गई जिससे धमाका हो गया। जलते हुए पटाखे लोगों पर गिरने लगे जिस कारण कई लोग खुद को बचाने के लिए जलाशय में कूद गए।

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने इस हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पुरी की इस दुर्घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुख्य प्रशासनिक सचिव और जिला प्रशासन को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने और व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इलाज का खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से वहन किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस घटना पर ट्वीट किया और कहा कि पुरी चंदन यात्रा के दौरान नरेंद्र पुष्करिणी देवीघाट पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर सुनकर दुखी हूं। भगवान से मेरी कामना है कि जो लोग इलाज करवा रहे हैं वह जल्द से जल्द ही ठीक होकर घर लौटेंगे।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.