Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सिकासार जलाशय से कोडार बांध तक बनेगा नहर, विधायक के प्रयास से मिली सर्वेक्षण की प्रशासकीय स्वीकृति

Document Thumbnail

 महासमुन्द । गरियाबंद जिले के सिकासार जलाशय से कोडार जलाशय महासमुंद तक नहर निर्माण होगा। बहुप्रतीक्षित और लाखों किसानों से जुड़े इस महत्वकांक्षी परियोजना की स्वीकृति से किसानों में हर्ष व्याप्त है। इसके लिए विधायक बनने के बाद से योगेश्वर राजू सिन्हा निरंतर विभागीय मंत्री केदार कश्यप और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मिलकर आग्रह कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि यह भाजपा के जिला स्तर के चुनावी घोषणा पत्र में भी शामिल था।


महासमुन्द विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मंत्रालय महानदी भवन जल संसाधन विभाग रायपुर से 22 फरवरी को जारी प्रशासकीय स्वीकृति आदेश की जानकारी देते हुए बताया कि अवर सचिव ने मुख्य अभियंता महानदी गोदावरी कछार को प्रशासकीय आदेश जारी कर दिया है।

मंत्रालय से जारी हुआ आदेश

जल संसाधन विभाग के अवर सचिव प्रेम सिंह घरेन्द्र द्वारा जारी आदेश में गरियाबंद के दायें तट से कोडार जलाशय महासमुन्द तक प्रस्तावित नहर निर्माण के सर्वेक्षण कार्य के लिए करीब 5 करोड़ 70 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। मुख्य अभियंता को जारी आदेश में बताया गया है कि तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। अब निर्धारित समयावधि में सर्वेक्षण पूरी कर नहर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लाखों किसानों की खेती सिंचित हो सकेगी।


गौरतलब है कि लंबे अर्से से इस महत्वकांक्षी परियोजना की मांग की जा रही थी। बजट प्रावधान किए जाने के बावजूद पिछली सरकार ने किसानों के हित से जुड़े इस काम को प्राथमिकता में नहीं रखा। क्षेत्र के सांसद चुन्नीलाल साहू ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पद यात्रा करके तत्कालीन कांग्रेस सरकार का ध्यानाकर्षण कराया, बावजूद इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अथक प्रयास करते हुए जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप से निरंतर मांग किया और मंत्रालय स्तर पर अधिकारियों से सतत संपर्क कर तकनीकी स्वीकृति और प्रशासकीय स्वीकृति कराने में अहम भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री, मंत्री का जताया आभार

परिणामस्वरूप 7 फरवरी को तकनीकी स्वीकृति के साथ मुख्य अभियंता ने फ़ाइल प्रशासकीय स्वीकृति के लिए मंत्रालय भेजा था। जहाँ से राज्य शासन द्वारा गरियाबंद जिले के विकासखंड गरियाबंद की सिकासार जलाशय (गरियाबंद के दांये तट से कोडार जलाशय महासमुंद तक प्रस्तावित नहर निर्माण का सर्वेक्षण) कार्य कराने के लिए लीडर सर्वे (Lidar Survey) सहित 569.95 लाख (रुपये पांच करोड़ उनहत्तर लाख पंचानवे हजार) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। अब जल्द ही कागजी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के पश्चात सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सर्वेक्षण कार्य स्वीकृत राशि और निर्धारित समयावधि (करीब 6 माह) के अंतर्गत ही पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।
इस स्वीकृति के लिए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप और सभी विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.