तुमगांव सिरपुर मंडल अध्यक्ष व क्षेत्र के किसानों ने मुख्यमंत्री साय व महासमुंद विधायक योगेश्वर सिन्हा का जताया आभार
तुमगांव। किसान भाइयों के लिए खुशखबरी है। धान खरीदी की तिथि में वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धान खरीदी की तिथि में वृद्धि का आदेश दिए तो किसानों में ख़ुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री के इस फैसले पर तुमगांव सिरपुर मंडल के कार्यकर्ताओं व किसानों ने आभार प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के किसानों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अवधि को 4 दिन और बढ़ा दिया है। किसानों से अब 4 फरवरी रविवार तक धान की खरीदी की जाएगी। सबसे बड़ी बात यह है कि अवकाश के दिनों में भी धान खरीदी केंद्र खुले रहेंगे और किसान धान बेच सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने राज्य में रिकार्ड धान खरीदी के बावजूद किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसको ध्यान में रखते हुए यह संवेदनशील फैसला लिया है। विगत दिनों तुमगांव-सिरपुर मंडल के ग्राम बेलटुकरी ,अछोली, बड़गांव ,पिरदा ,तुमगांव ,अछोला ,बिरकोनी ,जलकी , कुकराडीह , गढ़सिवनी , सिरपुर ,मालीडीह ,गुरुडीह के किसानों ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मिलकर अपना धान नही बिकने की समस्याओ से अवगत कराया था। जिसे विधायक ने संज्ञान में लेते हुए तुरंत ही मुख्यमंत्री से आग्रह किया था। लोकसभा कार्यालय के उद्घाटन में अवसर पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव से भी इस विषय पर चर्चा कर विधायक ने आग्रह किया था।
गौरतलब है कि राज्य में चालू खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी। धान खरीदी के लिए मात्र एक दिन और शेष था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धान बेचने से शेष रह गये किसान भी आसानी से अपना धान बेच सकें, इसको ध्यान में रखते हुए धान खरीदी 4 फरवरी तक किए जाने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य में शनिवार 03 फरवरी एवं रविवार 04 फरवरी को भी उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी सामान्य दिनों की तरह करने का आदेश दिया है।