Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

भ्रष्टाचार कैसे किया जाता है भू-पे से सीखे : केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

Document Thumbnail

 रायपुर। केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज यहां कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के काले कारनामों को दर्शाने वाले भूपे-एप को लांच करते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार करो और भूपे करो के जरिये कांग्रेस सरकार ने छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि जब से भूपेश सरकार बनी है तब से भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके ईजाद कर रही है।


केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ बना है तब से पहली बार ऐसी सरकार आई है जो नए-नए तरीके निकाल कर भ्रष्टाचार के नए-नए आयाम तैयार करती है। दो नंबर की शराब कैसे बेची जाती है, कोयला परिवहन में कैसे खाया जाता है, हर मामले में भ्रष्टाचार के नए प्रयोग यहां हो गए। उन्होंने कहा कि मेरा यहां के मुख्यमंत्री से सवाल है कि छत्तीसगढ़ में 36 प्रमुख वादे किए थे, वह पूरे क्यों नहीं हुए। वादे पूरे करना तो दूर, बदले में माफिया राज स्थापित कर दिया। छत्तीसगढ़ में लैंड माफिया, सैंड माफिया, शराब माफिया, ड्रग माफिया, माफिया पर माफिया और माफिया राज से छत्तीसगढ़ माफी चाहता है। मैंने यहां के युवाओं में जो आक्रोश देखा है, वह गवाही दे रहा है कि युवा अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। युवा प्रतीक्षा कर रहे थे कि इनका भी समय आएगा। इनको रोजगार का अवसर मिलेगा जो ढाई हजार रुपए प्रति महीना बेरोजगारी भत्ता देने कहा था,नहीं दिया। युवा उसकी ब्याज सहित वसूली करेगा। अब तक कांग्रेस के नेताओं के जरिए वसूली हो रही थी। अब महिलाएं अपने साथ हुई वादाखिलाफी के लिए ब्याज सहित बदला लेंगी।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किसानों के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि अगर किसानों की उपज के समर्थन मूल्य का निर्धारण कोई करता है तो केंद्र सरकार करती है। खरीदी भी केंद्र सरकार करती है। कांग्रेस की राज्य सरकार ने किसानों का 2 वर्ष का बकाया बोनस नहीं दिया। मंडी टैक्स हटाने कहा था, लेकिन बढ़ा दिया। गरीबों के आवास के मामले में उन्होंने कहा कि यहां पर तो राज्य का जो हिस्सा था, वह भी राज्य सरकार नहीं दे रही। उन्होंने युवाओं सहित सभी से आग्रह किया कि भू-पे लिंक से जुड़कर भूपेश बघेल सरकार के कारनामों को सबके सामने लाएं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने के लिए भाजपा ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया। उस समय मध्यप्रदेश ही बीमारू राज्य था तो समझ सकते हैं कि छत्तीसगढ़ में क्या स्थिति थी। लेकिन जब यहां पर कमल खिला तो हमने विकास के नए आयाम स्थापित किए। लेकिन पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ का क्या हाल कर दिया। छत्तीसगढ़ को बेहाल कर दिया। और, यह तो होना ही था।जब किसी ने गंगाजल की कसम खाकर कहा हो कि शराब मुक्त कर देंगे लेकिन घर-घर शराब पहुंचा दी। समझ सकते हैं एक तरफ मोदी जी ऑपरेशन गंगा चला कर यूक्रेन से 23000 युवा भारतीयों को सुरक्षित भारत ले आये और दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री गंगाजल की कसम खाकर क्या कर रहे हैं? दिल्ली राज्य में 200 करोड़ का शराब घोटाला हुआ तो वहां के मंत्री नेता जेल में हैं। यहां 2000 करोड़ का घोटाला हुआ तो समझ सकते हैं कि इनका क्या होगा?

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार तो दिया नहीं। केवल बेरोजगार बनाया। बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं किया। उन्होंने इलाज के अभाव में छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों में करीब 39000 बच्चों की मौत हो गई। एक बच्चे की भी मृत्यु हो जाए तो कितना दुख होता है। यहां तो कांग्रेस के भू-पे राज में 39000 बच्चों की मृत्यु इलाज के अभाव में हुई।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों की पीड़ा पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि हर वर्ग के कर्मचारियों को ठगा गया है। उनसे किए गए वादे पूरे नहीं किए। हर वर्ग के कर्मचारी सड़कों पर आए। उनका उत्पीड़न किया गया।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भू-पे एप्प लॉन्चिंग की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा ने टेक्नोलॉजी का उपयोग करके प्रदेश की जनता को भूपेश बघेल सरकार के कारनामों से अवगत कराया है। नाम बहुत शानदार दिया है भू-पे एप्प। छत्तीसगढ़ वालों को भू-पे सुनने की आदत पड़ गई है। हर रोज सुन रहे हैं कि भ्रष्टाचार करो और भू-पे करो। शराब घोटाला करो फिर भू-पे, गोठान घोटाला करो भू-पे करो, अन्न घोटाला करो, सट्टा घोटाला करो, यूरिया घोटाला करो, पीएससी घोटाला करो और भू-पे करो। सारे घोटाले में भू-पे! यह हाल हो गया कि सब कुछ लूट लिया। कलेक्टर का काम विकास होता है, यहां कलेक्टर को कलेक्शन में लगा दिया। यह सरकार पूरे देश में घोटाले के लिए जानी जाती है। दो नंबर में शराब कैसे बेची जाती है और पैसा कहां डाला जाता है, कोयला लाने ले जाने में कैसे दलाली ली जाती है, छत्तीसगढ़ में भू-पे सरकार से सीखा जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आरोपों पर चुनौती देते हुए कहा कि समय और स्थान तय कर लें। एक एक विषय, मुद्दे, योजना पर तथ्यों के साथ संवाद कर लें।

इस दौरान कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, पूर्व मंत्री महेश गागडा, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल उपस्थित थे।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.