आरंग । नगर पालिका परिषद आरंग द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंदिरा चौक में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में करीब 51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरीय प्रशासन, श्रम एवं विकास मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया ने इस अवसर पर कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र में पांच साल में दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का विकास कार्य हुआ है। सेवा-जतन और सरोकार के मूलमंत्र के साथ हमने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र का समन्वित विकास किया है।
![]() |
संबोधित करते हुए डॉ शिव कुमार डहरिया |
विकास में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखा है। हितग्राही मूलक योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है। भूपेश बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार अच्छा काम कर रही है। जनता जनार्दन के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ में 'राम काज' भी हो रहा है। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या का मायका चंदखुरी हमारे विधानसभा क्षेत्र में है। यह पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हुआ है। राम वनगमन पथ को संवारने का काम हमारी सरकार ने किया है।
डॉ डहरिया ने कहा कि कोई भी व्यक्ति या समाज विकास की मुख्यधारा से अछूता नहीं है। हमने सबका खयाल रखा है। उन्होंने किसानों को धरती का भगवान कहते हुए कहा कि अन्नदाता खुशहाल होंगे तो राज्य में खुशहाली रहेगी। इसलिए किसानों के हित में क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। कर्जमाफी, राजीव गांधी न्याय योजना से किसान समृद्ध हो रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण के लिए खास काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत 74 लोगों को पट्टा वितरण किया। आरंग विधानसभा क्षेत्र में 3500 लोगों के खाता में आवास के लिए राशि ऑनलाइन जमा होने की जानकारी दी गई।
श्री डहरिया ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के 150 गांवों में 400 से अधिक सामुदायिक और सामाजिक भवनों का निर्माण कराया गया है। मूलभूत आवश्यकताओं और अधोसंरचना के विकास में आरंग क्षेत्र अग्रणी है। अब आगामी दिनों में आरंग की मंदिरों का जीर्णोद्धार प्राथमिकता से किया जाएगा। इस मौके पर समोंदा नगर पंचायत के भी ढाई करोड़ का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। पीपला ग्रुप की ओर से राजा मोरध्वज की कहानी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रशेखर चन्द्राकर ने की। विशिष्ट अतिथि जनपद अध्यक्ष खिलेश देवांगन, कोमल सिंह साहू अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग, श्रीमती भारती देवांगन अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी आरंग, द्वारिका साहू संचालक अपेक्स बैंक, देवनाथ साहू मंडी बोर्ड अध्यक्ष, के के चंद्राकर अध्यक्ष कला एवं वाणिज्य महाप्रभु बद्री प्रसाद कालेज जनभागीदारी समिति ,सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण मंचस्थ थे। कार्यक्रम का संचालन पीपला फाउंडेशन के सदस्य अशोक साहू ने किया। आभार ज्ञापन सीएमओ होरीसिंह ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष नरसिंग साहू, सभापतिगण शरद (जीतू ) गुप्ता, श्रीमती धनेश्वरी खिलावन निषाद, समीर सागीर गोरी,श्रीमती दीक्षा-सूरज सोनकर, श्रीमती गौरी बाई देवांगन, ध्रुव कुमार मिर्धा, राममोहन लोधी, श्रीमती सीमा-नरेन्द्र लोधी, सूरज लोधी, शंकर जलक्षत्री, राजेश साहू, श्रीमती ममता जितेन्द्र शर्मा,दीपक चन्द्राकर पार्षद गण और एल्डरमेन मंगलमूर्ति अग्रवाल, गणेश बांधे, श्रीमती राजेश्वरी साहू, भरत लोधी, उपेन्द्र साहू विशेष रूप से उपस्थित थे।