Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

World Malaria Day 2023: आज विश्‍व मलेरिया दिवस है

Document Thumbnail

World Malaria Day 2023: आज विश्व मलेरिया दिवस है। भारत ने मलेरिया नियंत्रण पर उल्लेखनीय उपल्बधि हासिल की है। केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि वर्ष 2015 से 2022 के दौरान भारत में मलेरिया से जुडे़ मामलों में 85 दशमलव एक प्रतिशत की कमी आई है। उन्‍होंने बताया कि मलेरिया से जान गंवाने वालों की संख्‍या 83 दशमलव तीन-छह प्रतिशत की घटी है। मलेरिया पर नियंत्रण के लिए भारत में यह बड़ी उपलब्धि है। मलेरिया को नियंत्रित के लिए करने के वैश्विक प्रयासों को मान्यता देने के लिए हर वर्ष 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाता है। यह मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए निरंतर निवेश और निरंतर राजनीतिक प्रतिबद्धता की आवश्यकता को उजागर करने का अवसर है।


वर्ष 2007 में संगठन के सदस्य देशों ने विश्व मलेरिया दिवस की स्‍थापना की थी। इस वर्ष का विषय है – मलेरिया का पूर्ण उन्‍मूलन: निवेश, नवाचार, कार्यान्वयन। मलेरिया परजीवियों से होने वाली बीमारी है जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छरों के काटने से फैलती है।

2015-2022 के दौरान मलेरिया के मामलों में 85.1 प्रतिशत की गिरावट

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. मानिक साहा, मिजोरम के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. आर. ललथमग्लिआना, नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी.के. पॉल और विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय की निदेशक डॉ. पूनम खेत्रपाल की उपस्थिति में मलेरिया उन्मूलन पर एशिया पैसिफिक लीडर्स कॉन्क्लेव को वर्चुअल तौर पर संबोधित करते हुए कहा, “मलेरिया न केवल एक सार्वजनिक स्वास्थ्य मुद्दा है बल्कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक चुनौती भी है जिसके लिए सभी हितधारकों के सहयोग की आवश्यकता है। भारत दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में मलेरिया के अधिक मामलों वाला एकमात्र देश था, जहां 2019 की तुलना में 2020 में मलेरिया के मामलों में गिरावट दर्ज की गई। भारत ने 2015-2022 के दौरान मलेरिया के मामलों में 85.1 प्रतिशत की गिरावट और मृत्यु में 83.36 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की।”

सोलोमन द्वीप के स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवा मंत्री डॉ. कुल्विक तोगमाना, फिजी गणराज्य के स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवा मंत्री डॉ. एंटोनियो लालबालावु, इंडोनेशिया गणराज्य के उप स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दांते सक्सोनी हर्बुवोनो, मलेशिया के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. जालिहा बिनती मुस्तफा, शाही कंबोडिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के अंडर सेक्रेट्री डॉ. माओ तान एंग, श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत मलेरिया-रोधी अभियान की निदेशक डॉ. चंपा अलुथवीरा, नेपाल के स्वास्थ्य मंत्रालय के महामारी विज्ञान और रोग नियंत्रण प्रभाव के निदेशक डॉ. चुमन लाल दास, म्यांमार के राष्ट्रीय निदेशक डॉ. मोह मोह ल्विन भी सम्मेलन में उपस्थित थे।

माननीय प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए, डॉ. मांडविया ने विस्तार से बताया कि नरेन्द्र मोदी जी उन वैश्विक नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने 2015 में ईस्ट एशिया समिट में एशिया-पैसिफिक लीडर्स एलायंस के मलेरिया उन्मूलन रोडमैप का समर्थन किया और 2030 तक मलेरिया मुक्त होने के लिए इस क्षेत्र को प्रेरित किया था।

विशेष रूप से सीमांत और कमजोर समुदायों के लिए मलेरिया द्वारा उत्पन्न महत्वपूर्ण चुनौती के बारे में संबोधित करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “पुनर्जीवित राजनीतिक प्रतिबद्धता और मजबूत तकनीकी नेतृत्व दुनिया से मलेरिया के उन्मूलन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।” आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई), आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र, और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन जैसी भारत की स्वास्थ्य पहलों के परिवर्तनकारी प्रभाव के साथ-साथ इसके स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त भूमिका का हवाला देते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा “भारत मलेरिया को खत्म करने के अपने प्रयास में अन्य देशों के साथ अपने संसाधनों, ज्ञान और सीख को साझा करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

डॉ. वी. के. पॉल ने मलेरिया के मामलों में महत्वपूर्ण गिरावट हासिल करने के लिए दक्षिण एशियाई और प्रशांत क्षेत्र के देशों को बधाई दी और एक अंतर-क्षेत्रीय दृष्टिकोण के साथ सबसे हाशिए पर और कमजोर समुदायों पर काम करने पर ध्यान देने के साथ मलेरिया को एक इतिहास बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया। उन्होंने संपूर्ण-सरकार और संपूर्ण-समाज के दृष्टिकोण को अपनाते हुए देश की सीमाओं के पार सहयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “जब तक हम सीमाओं के पार एक साथ काम नहीं करते तब तक हम मलेरिया को खत्म नहीं कर सकते। हमें अनुसंधान और नवाचार को प्राथमिकता देने और व्यवहार परिवर्तन अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। मलेरिया के खिलाफ अतिरिक्त हथियार रखने के लिए हमें मलेरिया के खिलाफ टीका विकसित करने में जबरदस्त काम करने की जरूरत है।” मलेरिया को खत्म करने के लिए डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए, डॉ. पॉल ने कहा कि “हमें मलेरिया के अधिक मामले वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने और अंतर-क्षेत्रीय सहयोग से इस बीमारी को खत्म करने की आवश्यकता है जो ग्रामीण स्तर पर शुरू होती है।” डॉ. पॉल ने जोर देकर कहा कि घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्र, प्रवासी आबादी, आदिवासी आबादी वाले क्षेत्र कुछ प्रमुख चुनौतीपूर्ण क्षेत्र हैं जहां हमें ‘वन टीम इंडिया’ के रूप में ध्यान केंद्रित करने और एक साथ काम करने की आवश्यकता है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.