Media24Media.com: रायपुर कमल विहार अब कौशल्या विहार के नाम से जाना जाएगा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

रायपुर कमल विहार अब कौशल्या विहार के नाम से जाना जाएगा

Document Thumbnail

रायपुर। कमल विहार अब कौशल्या विहार के नाम से जाना जाएगा। कबीर नगर एवं सड्डू की हाउसिंग बोर्ड कालोनियों के साथ ही रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाली प्रत्येक बीएसयूपी कालोनी में सीवरेज ट्रीटमेंट के लिए 50 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। यह घोषणाएं आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा में नागरिकों से भेंट मुलाकात के दौरान की।

बोरियाखुर्द में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को 167 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात भी दी, इसमें 126 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 36 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के हितग्राही पथरी निवासी श्याम बघेल ने बताया कि इस योजना की चारों किश्त उन्हें मिल गई है। मुख्यमंत्री की इस योजना से काफी आर्थिक लाभ हासिल हुआ है।

1700 की दवा मिल रही 640 रुपए में - मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने मोबाइल मेडिकल वैन के बारे में पूछा। दलदल सिवनी की टिकेश्वरी धीवर ने बताया कि गाड़ी मेरे मोहल्ले में महीने में दो बार आती है। जांच में पता चला कि मेरा तो हिमोग्लोबिन कम था। यहां इलाज भी हो गया, अब पूरी तरह स्वस्थ हूँ। राखी साहू ने बताया कि धन्वंतरी योजना के अंतर्गत 1700 रुपए की दवा 640 रुपए में मिल जाती है। मेरी काफी बचत इससे हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को आरंभ हुए केवल साल भर हुआ है और 100 करोड़ रुपए का लाभ हितग्राहियों को मिल गया है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के हितग्राही ने बताया कि उन्हें पैर में डीवीटी ( डीप वैन थ्राम्बोसिस) की समस्या थी। शासन से सवा चार लाख रुपए मिले, नागपुर में इलाज कराया। अब स्वस्थ हैं। मुख्यमंत्री ने राशन के बारे में भी जानकारी ली। कुंती ने बताया कि राशन दुकान वाला राशन देने से आनाकानी करता है। मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दुकान संचालक के विरुद्ध कार्रवाई करने निर्देशित किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन दुकानों के सामने शेड लगाए जाएं ताकि लोगों को कतार में किसी तरह की दिक्कत न हो।

मितान से आसान हो गये काम- मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी ली।  वीरेंद्र जोशी ने बताया कि बेटे का निवास प्रमाणपत्र बनाना था। घर में मितान आये, तुरंत ही प्रमाणपत्र बन गया। मितान की वजह से बहुत आसानी हो गई है। मठपुरैना की मंजू साहू ने बताया कि प्रमाणपत्र बनाने में पहले मोहल्ले वालों को काफी दिक्कत आती थी  अब यह दिक्कत दूर हो गई है। मोवा के अंकुश साहू ने बताया कि आनलाइन अनुज्ञा की सुविधा होने से काफी कम समय में उन्हें अनुज्ञा मिल गई। काम उम्मीद से बहुत जल्दी हो गया। धरसींवा के सुशील जांगड़े ने बताया कि बिजली बिल हाफ योजना से बिजली बिल में काफी कटौती हो गई है।

स्वामी आत्मानंद स्कूल से 45 हजार रुपए तक की बचत- लालपुर में स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ रही श्रेया ने बताया कि पहले प्राइवेट स्कूल में 45 हजार खर्च करना होता था। अब निःशुल्क अच्छी शिक्षा मिल रही है। निधि साहू ने बताया कि मोवा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ रही हूँ। यहां की लाइब्रेरी, लैब बहुत अच्छे हैं। पढ़ाई का स्तर बहुत अच्छा है। गोल्डी ने बताया कि किताबें भी मुफ्त मिलती हैं। यहां पढ़ाई बहुत अच्छी है।

बिरगांव की संध्या यादव ने बताया कि बेरोजगारी भत्ते के लिए फार्म भर दिया है। इससे काफी सुविधा होगी। भुवनेश्वरी धनकर ने बताया कि बेरोजगार युवाओं को आर्थिक मदद मिलने से उनकी दिक्कतें दूर हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ ओलंपिक के प्रतिभागियों से भी बातचीत की। जगत ने बताया कि इस आयोजन में कई ऐसे खेल खेलने मिले जो उसने बचपन में खेले थे और अब भूल चुका था। जगत वर्मा ने बताया कि उसने गिल्ली डंडा में संभाग स्तर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस दौरान विधायक सत्यनारायण शर्मा, महापौर एजाज ढेबर एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं- मुख्यमंत्री ने इस दौरान कबीर नगर एवं सड्डू स्थित हाउसिंग बोर्ड की कोलानियों में सीवरेज ट्रीटमेंट के कार्य, विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली बीएसयूपी कालोनियों में सीवर ट्रीटमेंट के लिए प्रत्येक कालोनी हेतु 50 लाख रुपए, बीरगांव में आईटीआई, रायपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 4 में नवनिर्मित शासकीय स्कूल गंगानगर भनपुरी का स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में उन्नयन, सरोरा के हाईस्कूल का हायरसेकेंडरी स्कूल में उन्नयन, शासकीय मिडिल स्कूल रावांभांठा एवं सोनडोंगरी का हाईस्कूल में उन्नयन, वार्ड क्रमांक 8 के सड्डू मुक्तिधाम में बाउंड्रीवाल निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य, उरकुरा, बोरियाखुर्द के हाईस्कूलों के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण, वार्ड क्रमांक 7 के दलदल सिवनी में महावीर क्रीड़ा खेल मैदान में अहाता निर्माण, नगर पंचायत माना कैंप के तालाब का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण, कमल विहार का नामकरण कौशल्या विहार करने एवं अमलीडीह के महाविद्यालय का नामकरण कौशल्या माता के नाम पर करने की घोषणा की।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.