Media24Media.com: भानुप्रतापपुर उपचुनाव : विधानसभा सीट कांग्रेस ने दोबारा जीत ली

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

भानुप्रतापपुर उपचुनाव : विधानसभा सीट कांग्रेस ने दोबारा जीत ली

Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट कांग्रेस ने दोबारा जीत ली है। यहां हुए उपचुनाव के नतीजों में आज कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को इक्कीस हजार एक सौ इकहत्तर वोटों से हराया। सावित्री मंडावी को पैंसठ हजार चार सौ उनयासी वोट मिले। वहीं, ब्रम्हानंद नेताम को चवालीस हजार तीन सौ आठ मत प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर रहे सर्व आदिवासी समाज के उम्मीदवार अकबर राम कोर्राम ने तेईस हजार चार सौ सत्रह वोट हासिल किए। भानुप्रतापपुर उपचुनाव में जीत की खबर मिलते ही प्रदेश कांग्रेस के रायपुर स्थित कार्यालय में कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे। यहां कांग्रेस दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी की। 


इसी तरह, कांग्रेस के जिला दफ्तरों में भी जश्न का माहौल रहा। इस उपचुनाव में मिली जीत को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस के प्रति आदिवासियों के विश्वास का परिणाम बताया है। कांग्रेस उम्मीदवार सावित्री मंडावी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि उपचुनाव में मिली जीत से आदिवासी समुदाय का कांग्रेस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी की चरित्र हत्या के सहारे कांग्रेस को यह जीत मिली है। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में भाजपा और सर्व आदिवासी समाज के प्रत्याशी को जितने वोट मिले हैं

उतने वोट कांग्रेस प्राप्त नहीं कर पाई। साव ने कहा कि इस आंकड़े से कांग्रेस के विकास संबंधी दावे की कथित सच्चाई भी उजागर हो गई है। इस बीच, गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को लेकर भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी। इस जीत के उपलक्ष्य में पार्टी कार्यालय में उत्सव कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन के कारण भानुप्रतापपुर सीट पर उपचुनाव कराया गया।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.