Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

हर घर झण्डा’ कार्यक्रम के बारे में जन-जागरूकता अभियान

रायपुर। आजादी की पचहत्तरवीं वर्षगांठ के अवसर पर ग्यारह से सत्रह अगस्त तक प्रदेश के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और प्रभातफेरी निकाली जाएगी। स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान सभी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों द्वारा हर घर झण्डाकार्यक्रम के बारे में जन-जागरूकता फैलाने के साथ लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।



इस बीच, दुर्ग जिले के सुपेला स्थित प्रयास श्रवण विकलांग संस्थान में सशस्त्र सीमा बल भिलाई द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए बच्चों को प्रेरित किया गया। वहीं,  श्रीरामजन्म उत्सव समिति भिलाई द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत सात, आठ और दस अगस्त को दीपोत्सव और पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही तेरह अगस्त को सेक्टर-एक से सेक्टर-नौ तक बाइक रैली निकाली जाएगी।

उधर, मुंगेली जिले में भी स्वतंत्रता सप्ताह में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महिला स्व-सहायता समूह द्वारा झंडा बनाने का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने जिले के नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। वहीं, चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा भी जिले के सभी व्यापारियों को झंडा निःशुल्क दिया जाएगा। इसी तरह, राजनांदगांव जिले में हर-घर तिरंगा अभियान के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाएं झंडा निर्माण के कार्य में जुटी हुई है।

जिले में चार लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसे देखते हुए झंडे का निर्माण किय जा रहा है। इस बीच, हर घर झंडा कार्यक्रम के तहत नवापारा राजिम के युवक कृष्ण कुमार सैनी रायपुर के भारत माता चौक से दिल्ली तक पदयात्रा पर निकले हैं। बेमेतरा पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इधर, कवर्धा में आगामी तेरह अगस्त को तिरंगा पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा शहर के सभी सत्ताईस वार्डों से गुजरेगी। इस पदयात्रा में वन मंत्री मोहम्मद अकबर सहित अन्य लोग शामिल होंगे।

उधर, कांकेर जिले में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टोरेट परिसर में महिला समूहों द्वारा तिरंगा झंडा विक्रय के लिए स्टॉल लगाया गया है। इसी तरह, कोरबा जिले के पी.डब्ल्यू.डी रामपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की शपथ ली। यहां ग्यारह अगस्त को प्रभातफेरी निकाली जाएगी। 

वहीं, रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार रेलवे कर्मचारी अपने-अपने घरों में  राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। कर्मचारी हर घर तिरंगा वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी अपलोड करेंगे। साथ ही रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों में सेल्फी कार्नर भी लगाए जाएंगे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.