Media24Media.com: छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना, बिजली गिरने की भी चेतावनी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना, बिजली गिरने की भी चेतावनी

Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरे प्रदेश में एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। मानसून तंत्र ने 15 जून की रात बस्तर से प्रदेश में प्रवेश किया था। 16 जून को वह दुर्ग तक पहुंच गया। 19 जून की सुबह 8 बजे तक वह दुर्ग में ही अटका था। मौसम विभाग ने आज एक-दो स्थानों पर भारी बरसात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा पोरबंदर, बडौदा, शिवपुरी, रीवा, चुर्क तक पहुंच गई है। यानी ये छत्तीसगढ़ की सीमाओं को पार कर उत्तर-प्रदेश, बिहार तक पहुंच गई है। इस दो स्थानीय मौसमी तंत्र भी सक्रिय हुए हैं। 

एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पश्चिम उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश तक स्थित है। वहीं एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 21 जून को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार-सोमवार की रात गरियाबंद, बिलासपुर, मुंगेली और रायगढ़ में जमकर बारिश हुई। 

अंबिकापुर में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज

गरियाबंद के छुरा में 10 सेंटीमीटर बरसात रिकॉर्ड हुआ है। वहीं बिलासपुर के कोटा में 9 सेंटीमीटर, मुंगेली के लोरमी में 8 और पथरिया में 7 सेंटीमीटर बरसात दर्ज हुई है। रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, कवर्धा, बेमेतरा, गौरेला-पेंडा-मरवाही जिलों में भी बरसात हुई है। सोमवार को भी सुबह से पूरे प्रदेश में घने बादल छाए रहे। कहीं-कहीं छिटपुट बरसात की भी खबर आई। मानसून के सक्रिय हो जाने के बाद बिलासपुर के अधिकतम तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट हुई है। रविवार को वहां का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री था जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। पेण्ड्रा रोड में यह 29 डिग्री और अंबिकापुर में 31 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

छत्तीसगढ़ में अब तक 56.1 मिमी औसत बारिश दर्ज 

राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2022 से अब तक राज्य में 56.1 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 20 जून तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिलें में सर्वाधिक 130.7 मिमी और बस्तर जिले में सबसे कम 15.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने जारी किया रिकॉर्ड

राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा में 27.2 मिमी, सूरजपुर में 37.2 मिमी, बलरामपुर में 30.9 मिमी, जशपुर में 33.6 मिमी, कोरिया में 44.3 मिमी, रायपुर में 40.4 मिमी, बलौदाबाजार में 86.5 मिमी, गरियाबंद में 56.7 मिमी, महासमुंद में 56.5 मिमी, धमतरी में 38.1 मिमी, बिलासपुर में 89.2 मिमी, मुंगेली में 129.8 मिमी, रायगढ़ में 64.5 मिमी, जांजगीर-चांपा में 121.2 मिमी, कोरबा में 84.9 मिमी, दुर्ग में 43.6 मिमी, कबीरधाम में 75.7 मिमी, राजनांदगांव में 57.2 मिमी, बालोद में 92.7 मिमी, बेमेतरा में 77.7 मिमी, कोण्डागांव में 18.1 मिमी, कांकेर में 23.7 मिमी, नारायणपुर में 16.3 मिमी,दंतेवाड़ा में 23.0 मिमी, सुकमा में 26.0 मिमी और बीजापुर में 28.4 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.