Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दर्दनाक हादसा: JCB में हवा भरते समय फटा टायर, 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा इलाके में दर्दनाक हादसा हुआ है। दरअसल, JCB का टायर फटने से 2 मजदूरों की मौत हो गई है। हादसे में मारे गए दोनों लोग मध्यप्रदेश के सतना जिले के रहने वाले थे। हादसे की जांच सिलतरा चौकी पुलिस कर रही है। जानकारी के मुताबिक एक कर्मचारी हवा भर रहा था। वहीं दूसरा उसका प्रेशर चेक कर रहा था। इसे दौरान टायर फट गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि हादसा धनकुल स्टील नाम के एक प्लांट में हुआ है। लोडिंग वगैरह के काम के लिए यहां बुलडोजर मंगवाया गया था, जिसके टायर में हवा भरी जा रही थी। अचानक प्रेशर बढ़ने से धमाके के साथ टायर फट गया। हवा डालने का काम कर रहे राजपाल सिंह और प्रांजल नामदेव इसकी चपेट में आ गए। टायर से टकराने की वजह से दोनों का सिर फट गया। काफी खून बह जाने की वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। 

घटना का CCTV  वीडियो हो रहा वायरल


हादसे के वक्त आस-पास और भी कर्मचारी मौजूद थे। धमाके की वजह से भाग कर उन्होंने अपनी जान बचाई, जिसकी वजह से राजपाल और प्रांजल को बचने का मौका नहीं मिला। इस घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। दोनों कर्मचारी बुलडोजर के टायर को खोल कर उसके ऊपर बैठकर हवा डाल रहे थे। एक कर्मचारी हवा भर रहा था तो दूसरा टायर के प्रेशर को देख रहा था, लेकिन दोनों को समझ नहीं आया कि कब प्रेशर गड़बड़ा गया और अचानक धमाके के साथ टायर फट पड़ा। 

5 फीट ऊपर उछल गए थे दोनों

धमके के बाद राजपाल और प्रांजल करीब 5 फीट ऊपर उछल गए। टायर के बीच मौजूद लोहे की रिंग दोनों के सिर पर लगी और वह नीचे गिर पड़े। सिलतरा चौकी की पुलिस ने जानकारी दी कि इस घटना में मारे गए दोनों कर्मचारी मध्यप्रदेश के सतना के रहने वाले हैं। अब इनके परिजनों को इस घटना की जानकारी दी जा रही है। फिलहाल दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। टायर फटने की वजह से मौत होने की घटनाएं आती रहती है। ऐसे में सावधानी ज्यादा जरूरी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.