Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कंटेनर ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, पति और पत्नी की मौके पर ही मौत, 2 बच्चों की हालत गंभीर

Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ दिन-ब-दिन हादसों का गढ़ बनता जा रहा है। प्रदेश में किसी न किसी दुर्घटना की खबर रोजाना सामने आ रही है। ताजा मामला दुर्ग जिले का है, जहां सड़क हादसे में पति और पत्नी की मौत हो गई है। जबकि उनके दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं अंडा पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और कुछ नेताओं ने भीड़ को समझाया, जिसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ।

 

अंडा थाना प्रभारी के मुताबिक डौकीडीह गांव के रहने वाले नोहर लाल साहू (उम्र 30 साल) अपनी पत्नी दामिनी साहू (उम्र 24 साल) और दो बच्चों को लेकर अपने ससुराल कोनारी जा रहा था। चारों स्कूटी से जा रहे थे। इसी बीच रिसामा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पति और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई है। आस-पास के लोगों ने तुरंत 112 की मदद से बच्चों को अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस ने हटवाया चक्काजाम

जानकारी मिलते ही अंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। साथ ही दोनों के शव की शिनाख्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं हादसे की जानकारी मृतक के परिजन को दे दी गई है। किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुकेश चंद्राकर ने मृतक के परिवार को अपनी तरफ से 20 हजार रुपए की सहायता प्रदान की है। इधर, हादसे के बाद सड़क पर काफी जाम लग गया था। लोगों में भी दुर्घटना को लेकर आक्रोश था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जाम को बड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया गया। शाम को दुर्घटना होने से जाम हटवाने में काफी देर लगी।

कंटेनर चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सड़क हादसे के बाद कंटेनर चालक घटनास्थल से फरार हो गया था। अंडा पुलिस ने तुरंत पुलगांव पुलिस को अलर्ट किया। इससे पुलगांव पुलिस ने सड़क पर बेरीकेट्स लगाकर कंटेनर चालक को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। रोजाना सड़क हादसों की वजह से कई लोगों की मौत हो रही है और ये सिलसिला लगातार जारी है। 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.