Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सदस्यता अभियान में निष्क्रियता पर कार्रवाई, युवा कांग्रेस ने 2 जिला इकाइयों को किया भंग

Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ में सदस्यता अभियान में निष्क्रियता के मामले में कांग्रेस ने बड़ी कार्रवाई की है। युवा कांग्रेस ने मामले में बेमेतरा और कांकेर की जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। साथ ही इन जिलों के जिलाध्यक्षों को भी हटा दिया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद कोको पाढ़ी के निर्देश पर प्रभारी महासचिव अशरफ हुसैन ने आदेश जारी कर दिए। इसमें कहा गया है कि कांकेर और बेमेतरा जिलाध्यक्ष समेत पूरी जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। अभी तक कांकेर में पंकज वाधवानी और बेमेतरा में गुलजार अली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे।

जानकारी के मुताबिक संगठन ने प्रदेश के 41 अन्य पदाधिकारियों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संगठन ने इन पदाधिकारियों को जवाब देने के लिए पांच दिनों का समय दिया है। कहा जा रहा है कि ये कार्रवाई 28 फरवरी को राजीव भवन में हुई समीक्षा बैठक में वरिष्ठ नेताओं की ओर से जताई गई नाराजगी के बाद लिया गया है। डिजिटल सदस्यता अभियान की समीक्षा से जुड़े इस बैठक में ये पदाधिकारी मौजूद नहीं थे। उनकी ओर से सदस्यता अभियान में उल्लेखनीय योगदान भी नहीं दिखा था। 

AICC के सचिव ने जताई थी नाराजगी

AICC के सचिव और प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम दोनों नेताओं ने इस निष्क्रियता पर नाराजगी जताई थी। सोमवार को हुई युवा कांग्रेस की बैठक को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी संबोधित किया था। इस दौरान मरकाम ने कहा था कि निष्क्रिय पदाधिकारी खुद को धोखा दे रहे हैं।

नवंबर 2021 में शुरू हुआ था सदस्यता अभियान 

बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा था कि जो कार्यकर्ता पद लेकर काम नहीं कर रहा है, वो संगठन को नहीं खुद को धोखा दे रहा है। इसके बाद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्णचंद कोको पाढ़ी ने कहा था कि नेतृत्व के निर्देशानुसार काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों को बदला जाएगा। वहीं बेहतर काम करने वालों के लिए प्रदेश कांग्रेस में जाने का रास्ता आसान होगा। कांग्रेस ने नवंबर 2021 में सदस्यता अभियान शुरू किया था। उस समय संगठन के 4 लाख से कुछ ही ज्यादा सदस्य थे।  

10 लाख सदस्य पार्टी बनाने का लक्ष्य

कांग्रेस ने 10 लाख सदस्य पार्टी के साथ जोड़ने का लक्ष्य लेकर काम शुरू किया। इसमें उन लोगों को भी शामिल किया गया है, जो पहले से कांग्रेस पार्टी के सदस्य थे। खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिर से सदस्यता ली। अभी तक कांग्रेस मुश्किल से 8 लाख सदस्य बना पाई है। काम पूरा नहीं है तो संगठन ने 31 मार्च तक और तीन लाख लोगों को पार्टी से जोड़ने का नया लक्ष्य तय किया है। वहीं युवा कांग्रेस की इस कार्रवाई से पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.