Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

समाज की दशा-दिशा तय करने जुटेंगे प्रदेशभर के यादव, महासभा में शिरकत करेंगे CM भूपेश

Document Thumbnail



महासमुंद। छग झेरिया यादव समाज का महासम्मेलन, निर्वाचन, आमसभा और महाधिवेशन  27 मार्च को बिरकोनी चंडी मंदिर परिसर में आयोजित है। जिसमें समाज के करीब 15 हजार प्रतिनिधि  समूचे छत्तीसगढ़ से शामिल होंगे। इस महासम्मेलन में मुख्य अतिथि छग के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रेस क्लब महासमुंद में पत्रकारों को देते हुए समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, महासमुंद जिला अध्यक्ष राजू यादव, ब्लाक अध्यक्ष सोहन यादव व कोषाध्यक्ष जनक यादव ने बताया कि कार्यक्रम दो चरणों में होगा। प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे। अध्यक्षता कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव करेंगे। बतौर विशेष अतिथि संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, विनोद चंद्राकर, विधायक रामकुमार यादव, देवेंद्र यादव, बीज निगम अध्यक्ष अग्रि चंद्राकर, आशा संतोष यादव, जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, राजू यादव उपस्थित रहेंगे।



दूसरे सत्र में भाजपा नेता आएंगे

दूसरा सत्र शाम 4 बजे शुरू होगा। जिसके मुख्य अतिथि पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव करेंगे। बतौर विशेष अतिथि पूर्व मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक  डॉ विमल चोपड़ा, दिलेश्वर चंद्राकर उपस्थित रहेंगे। शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक महाअधिवेश होगा। जिसमें पिछले वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत होगा व पांच वर्षो के नियमावली में संसोधन प्रस्ताव लगाया जाएगा। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।



प्रदेशाध्यक्ष के लिए होगा मतदान

पत्रकारों को जानकारी देते हुए श्री यादव ने बताया कि समाज की आर्थिक विकास, सामाजिक एकता और राजनीतिक उद्देश्य के लिए चिंतन कर प्रस्ताव पारित किया जाएगा। साथ ही इसी दिन प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव भी होगा। चंडी मंदिर बिरकोनी परिसर में 20 मतदान केंद्र जिले के हिसाब से या चार सौ मतदाता एक प्रत्येक जिला के लिए  मतदान केंद्र बनाया जा रहा है। 60 सक्रिय सदस्यों को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि छग झेरिया यादव समाज के उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्षा व दो प्रबंधकारिणी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। उन्होंने यह  जानकारी भी दी कि प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के अनुरूप गांव में गौठान तो बनाया जा रहा है। लेकिन चरवाहा वर्ग को कोई लाभ नही मिल रहा है। इस पर भी सीएम का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

चरवाहा वर्ग का सबसे बड़ा सम्मेलन

बिरकोनी में होने वाला चरवाहा वर्ग का यह सबसे बड़ा सम्मेलन है और यह आयोजन समाज के व्यक्तियों द्वारा बड़ी मेहनत से आयोजित किया जा रहा है। इसी तरह समाज द्वारा आदर्श विवाह करने के साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भी दी जा रही है। साथ ही कोरोना काल में समाज के जिन व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को आर्थिक मदद भी समाज द्वारा दिया जा रहा है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.