Media24Media.com: मुख्यमंत्री ने बजट में की पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा, कर्मचारियों में जश्न का माहौल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मुख्यमंत्री ने बजट में की पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा, कर्मचारियों में जश्न का माहौल

Document Thumbnail

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के साढ़े तीन लाख से ज्यादा शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अपने बजट भाषण के दौरान ये ऐलान किया। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेश के सभी शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों में जश्न का माहौल है। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए मुख्यमंत्री की ये घोषणा होली और दीवाली जैसी खुशियां लेकर आया है। कर्मचारी संघों ने पटाखे जलाकर, एक दूसरे को गुलाल में रंगकर और मिठाइयां खिलाकर अपनी खुशियां जाहिर की।

कर्मचारियों में जश्न का माहौल

इस घोषणा के बाद कर्मचारी संघों के द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पेंशन पुरुष और न्याय पुरूष जैसे शब्दों से नवाजा जा रहा है। कर्मचारी संघों ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वागत करते हुए उनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के द्वारा विधानसभा में बजट भाषण को सुनने के लिए रायपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ इकट्ठा थी। बड़ी स्क्रीन पर बजट भाषणा सुनते हुए जैसे ही मुख्यमंत्री बघेल ने पुरानी पेंशन योजना फिर से शुरू करने का ऐलान किया लोगों ने मुख्यमंत्री जिंदाबाद के नारे लगाते हुए गले मिलकर एक दूसरे को बधाइयां दी। 

इस मौके पर छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के मुख्य प्रवक्ता और छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेश के शासकीय सेवकों की लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा किया है। कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष झा ने मुख्यमंत्री को प्रदेश का पेंशन पुरूष कहा। उन्होंने ये भी कहा कि पेंशन शासकीय सेवक की बुढ़ापे का सहारा है और मुख्यमंत्री ने इसे लागू कर प्रदेश के सभी शासकीय सेवकों को बुढ़ापे की लाठी दे दी है। 

कर्मचारी संघ में जबरदस्त उत्साह

उन्होंने कहा कि प्रदेश के शासकीय सेवकों के मान सम्मान और स्वाभिमान की मांग को पूरा करने के लिए सभी अधिकारी कर्मचारी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। इस एक फैसले से ही मुख्यमंत्री बघेल का नाम छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री की पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवक परिवारों के लिए खुशी की सौगात लेकर आई है। अब किसी भी शासकीय कर्मचारी या उसके परिवार को भविष्य की चिंता करने की जरूरत नहीं है। 

इस घोषणा से शासकीय सेवकों और उनके परिजनों का भविष्य हमेशा के लिए सुरक्षित हो गया है। दूबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साढे तीन लाख से ज्यादा सरकारी सेवकों को सही मायने में न्याय मिला है। इस हिसाब से जहां मुख्यमंत्री ने किसानों,गरीबों,मजदूरों के लिए न्याय योजनाएं बनाई हैं। वहीं अब कर्मचारियों के साथ असल न्याय करके वे प्रदेश के न्याय पुरूष भी बन गए हैं।

विधानसभा पहुंचकर CM को दिया धन्यवाद

पेंशन बहाली की घोषणा के बाद कर्मचारी संघों के कई सदस्य मुख्यमंत्री का अभिवादन करने तत्काल विधानसभा जा पहुंचे। विधानसभा पहुंचकर सर्व शिक्षक संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और पुरानी पेंशन बहाली पर उन्हें धन्यवाद दिया। सर्व शिक्षक संघ के विवेक दुबे ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपने हमारा और हमारे परिवार का भविष्य सुरक्षित कर दिया है। इसके लिए हम आपके आजीवन आभारी रहेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कर्मचारी संघ के सदस्यों से कहा कि सरकार हमेशा कर्मचारियों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील है।

पुरानी पेंशन योजना के बहाली से ये होगा फायदा

पुरानी योजना में जीपीएफ और ग्रेच्युटी की सुविधा है। पेंशन के लिए वेतन से कटौती नहीं होती। सेवानिवृत्त होने पर बेसिक सैलरी की 50 प्रतिशत पेंशन मिलती है। कर्मचारी की मृत्यु होने पर नॉमिनी को भी पेंशन मिलती है, जबकि न्यू पेंशन स्कीम में ऐसी कोई सुविधा नहीं है। न्यू पेंशन स्कीम के तहत कर्मचारियों के वेतन से 10 प्रतिशत (नया अंशदान 14 प्रतिशत) कटौती होती है, तो सरकार भी 10 प्रतिशत का अंशदान देती है। यह राशि केंद्रीय एजेंसी एनएसडीएल में जमा होती है, यह पैसा शेयर बाजार में लगता है। शेयर बाजार के ऊपर-नीचे होने से कर्मचारियों को मुनाफा-घाटा होता है।

ये है ओल्ड पेंशन स्कीम

पेंशन के लिए वेतन से कोई कटौती नहीं होती। पीएफ का प्रावधान,  पेंशन का भुगतान ट्रेजरी से सेवानिवृत्त होने पर अंतिम मूल वेतन से 50% बनती है। मृत्यु होने पर परिवार (नॉमिनी) को पेंशन का प्रावधान है। जीपीएफ के ब्याज पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वहीं नए पेंशन योजना में वेतन से 14 प्रतिशत कटौती का प्रावधान है। जीपीएफ से नहीं जोड़ा गया है। ये शेयर आधारित है। पेंशन का कोई प्रावधान नहीं, एक-मुश्त पैसा मिलेगा।  इसमें भी योजना में जमा पैसों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।  सेवानिवृत्त पर शेयर बाजार के आधार पर पैसा और टैक्स भी मिलेगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.