Media24Media.com: Toor De Sirpur : पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने महासमुंद से सिरपुर तक सायकिल यात्रा, दिखा गजब का जोश और उत्साह

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

Toor De Sirpur : पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने महासमुंद से सिरपुर तक सायकिल यात्रा, दिखा गजब का जोश और उत्साह

Document Thumbnail

आनंदराम साहू

महासमुंद । पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा के लिए महासमुंद से सिरपुर तक साइकिल यात्रा निकाली गई। जिला प्रशासन के संयोजन में पहली बार इस तरह का आयोजन होने से लोगों में गजब का जोश और उत्साह दिखा। पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर सिरपुर को स्थापित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। महासमुंद के वन विद्यालय से सुबह 7ः30 बजे साइकिल यात्रा सिरपुर के लिए रवाना हुई। संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रियों को रवाना किया। विधायक श्री चंद्राकर स्वयं भी सायकल यात्रा में पहला स्टॉपेज बेमचा तक शामिल हुए। यात्रा प्रारंभ होने से पहले मंच से DFO पंकज राजपूत ने यात्रा रूट की रूपरेखा बताई। साइकिल यात्री हरी झंडी दिखाते ही पूरे उत्साह और जोश के साथ सिरपुर यात्रा के लिए रवाना हुए। टूर डे सिरपुर यात्रा में कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक  विवेक शुक्ला, सीईओ ज़िला पंचायत एस. आलोक, के अलावा जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। सायकल यात्रा समापन अवसर पर सिरपुर लक्ष्मण मंदिर के पास सायकल यात्रियों ने यादगार फोटोशूट भी कराया। 



सायकिल यात्रा के शुभारंभ मंच से संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने कटिबद्ध है। सिरपुर को विश्व धरोहर की सूची में शामिल करने प्रयास जारी है। इसे अंतराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलने वाली है। यह प्राचीन नगरी ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व का प्रमुख दर्शनीय स्थल है। सायकल यात्रा के माध्यम से लोकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री के मंशानुरूप कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कोडार जलाशय में गंगरेल की तरह जल पर्यटन, सिंघाधुरवा (सिंघनगढ़) गुफा तक सुगम पहुंच मार्ग बनाने के प्रस्ताव को सिरपुर, बार नवापारा अभ्यारण्य तक पर्यटन की दिशा में प्रमुख विकास बताया। 

डोंगरगढ़ के बाद सिरपुर के विकास पर ध्यान केंद्रित


उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राम वनगमन पर्यटन परिपथ में आने वाले स्थलों में सिरपुर भी चिन्हित है। इसके विकास के  लिए कार्ययोजना बनाकर काम शुरू कर दिया गया है। डोंगरगढ़ के समुचित विकास के बाद अगले क्रम में ऐतिहासिक पर्यटन स्थल सिरपुर को विकसित करने के लिए विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से कार्यवाही की जाएगी, ऐसा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आश्वस्त किया है। इसके साथ ही पर्यटन की दृष्टि से सिरपुर के साईट को और अधिक विकसित किया जा रहा है। 



बेहतर स्वास्थ्य की दृष्टि से साइक्लिंग लाभदायक 


सिरपुर में साइकिल यात्रा के समापन अवसर पर संक्षिप्त समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर  निलेशकुमार क्षीरसागर ने कहा कि लोगों के बेहतर स्वास्थ्य की दृष्टि से साइक्लिंग लाभदायक है। महासमुंद में भी सायकल रेसलिंग का क्लब बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की असीम सम्भावना है। खासकर  महासमुंद जिले में पहाड़, प्राचीन गढ़, जलाशय एवं ऐतिहासिक और पुरातत्व महत्व के अनेक दर्शनीय स्थल है। जनता के अमूल सुझावों से जिले के पर्यटन स्थलों को और अधिक विकसित किया जाएगा। इस तरह के आयोजन और भी बेहतर ढंग से कर पाएं, यह प्रयास जारी रहेगा। 

नशा करें, साइकिल का....

 पंचायत  एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव आर. प्रसन्ना चलाने से होने वाले मानसिक और शारीरिक लाभ पर विशेष जानकारी दी। उन्होंने शराब के नशे का उदाहरण देते हुए कहा कि नशा करने से एक विशेष हार्मोन का उत्सर्जन होता है। जिससे मानसिक तनाव से क्षणिक राहत मिलती है। इसलिए लोग शराब का नशा करते हैं। लेकिन, यह नशा नुकसान दायक है। नशा करना है तो साइकिल का करें। जिससे कि मन और तन दोनों लाभान्वित होता है। वे रायपुर से साइकिल यात्रा करते हुए सिरपुर पहुंचे थे।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला,  वनमंडलाधिकारी  पंकज राजपूत, वनमंडलाधिकारी भानूप्रतापपुर  श्रीकृष्ण जाधव, सी.ई.ओ.  एस. आलोक और डॉ. पल्लविक क्षीरसागर ने सायकलयात्रा के अनुभव साझा किए।  


मील का पत्थर साबित होगी यह साइकिल यात्रा : आनंद


प्रेस क्लब महासमुंद के अध्यक्ष व श्रीपुर एक्सप्रेस के संपादक आनंदराम साहू ने समापन समारोह पर साइकिल यात्रा का अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के सार्थक पहल से पर्यटन को बढ़ावा देने यह आयोजन किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्ग और महिलाओं की भागीदारी से toor de sirpur सार्थक हुआ है। नेशनल हाईवे से सिरपुर तक सड़क में उतार-चढ़ाव की तुलना जीवन में होने वाले सुख-दुःख से करते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय से जिस प्रकार हम सबने आज साइकिल यात्रा की। उसी तरह से पर्यटन के मानचित्र पर सिरपुर को रेखांकित करने दृढ़ संकल्प की आवश्यकता है। यह आयोजन सिरपुर को वर्ल्ड हेरिटेज बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। 

प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित


समापन अवसर पर सायकल यात्रा के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इनमें  राजधानी रायपुर से सायकल यात्रा कर पहुंची 62 वर्षीय श्रीमती जस्सी और ओडिशा के 58 वर्षीय सयबा मांझी सहित अन्य प्रतिभागियों योगेश्वर चंद्राकर, कुणाल यादव,  संजय डफले, रत्नेश सोनी आदि को मंच से सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया गया। 



वन चेतना केन्द्र कोडार में हुआ मिलन

राजधानी रायपुर के मरीन ड्राईव से टूर डे सिरपुर सायकल यात्रा सुबह 6ः00 बजे सिरपुर के लिए रवाना हुईं। दोनों जिले के सायकल यात्रियों का मिलन महासमुंद के वन चेतना केन्द्र कोडार में हुआ। उसके बाद रायपुर और महासमुंद के सायकल यात्री यहां से सिरपुर के लिए रवाना हुए। 
  महासमुंद के जिले से 100 से ज्यादा सायकल यात्रियों के ऑनलाईन आवेदन प्राप्त हुए थे। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने टूर डे सिरपुर सायकल यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपा था। शुभारंभ समारोह का संचालन राजेश शर्मा, समापन समारोह का संचालन हिमांशु भारतीय और आभार ज्ञापन एसडीएम भागवत जायसवाल ने किया। 

साइकिल यात्रा की प्रमुख झलकियां

0 साइकिल यात्रियों की सुरक्षा के लिए तुमगांव से कुहरी पड़ाव तक नेशनल हाईवे फोरलेन को वन-वे कर यातायात व्यवस्था की गई थी। 

0 सायकल यात्रा में कलेक्टर क्षीरसागर की धर्मपत्नी डॉक्टर पल्लवी सहित उनके दोनों पुत्र श्रव्य क्षीरसागर एवं चिरंजीव क्षीरसागर ने भी भाग लिया। 

0 समापन समारोह में सबसे कम उम्र के साइकिल यात्री चिरंजीव क्षीरसागर नेसमापन समारोह में गीत गाकर खुशियों का इजहार किया। 

0 यात्रा समापन के बाद वापस घर लौटने विद्यार्थी परेशान होते रहे। घंटों प्रतीक्षा के बाद वन विभाग की ट्रक से से साइकिल को ढोकर वन विद्यालय महासमुंद लाया गया। 

0 साइकिल यात्रा पर निकले कलेक्टर को कौवाझर में किसान ज्ञापन देने सड़क पर उतर आए थे। साइकिल से कलेक्टर उनके सामने से गुजर गए, किसी को पता ही नहीं चला। 

0 साइकिल यात्रियों का रास्ते में जगह- जगह स्वागत हुआ। इससे उत्साहित होकर उम्र दराज अफसर भी जोश में सिरपुर तक साइकिल यात्रा कर लिये। 





Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.