Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

स्वास्थ्य मंत्री TS सिंहदेव फिर हुए कोरोना संक्रमित, CM भूपेश बघेल ने फोन कर जाना हाल

Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं, जिसकी चपेट में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी आ गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है। उन्होंने संपर्क में आए लोगों से अपील की है कि वो सभी अपनी कोविड जांच जरूर कराएं। साथ ही जनता को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और जब तक जरूरत न हो घर में ही रहने की सलाह दी है। इधर, मंत्री के कोरोना पॉजिटिव की खबर मिलते ही CM भूपेश बघेल ने उनका हाल जाना। CM भूपेश बघेल ने शाम को फोन कर स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

दरअसल, सर्दी-खांसी की शिकायत के बाद स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने एहतियातन सरगुजा के अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए। वे रविवार दोपहर बाद रायपुर लौट आए, यहां उनकी कोरोना की एंटीजन रिपोर्ट निगेटिव आई। लेकिन RTPCR जांच की देर रात मिली रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना के लक्षण दिखने के बाद उन्होंने रायपुर में जांच कराई। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी तबीयत ठीक है। चिकित्सकों के निर्देशानुसार होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। 

सरगुजा दौरे पर थे स्वास्थ्य मंत्री 

बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव बीते 3 दिनों से सरगुजा दौरे पर थे। वहां उन्होंने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। स्थानीय नेताओं और समर्थकों से मुलाकात की। वहीं एक जनवरी को उन्होंने स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विकास मंत्री प्रेमसाय सिंह के साथ शिक्षण से जुड़ी दो योजनाओं की शुरुआत की। इस बीच उनकी तबीयत कुछ खराब हुई। सर्दी-खांसी होने के बाद सिंहदेव ने एहतियातन अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए। शुरुआती जांच के बाद सिंहदेव शाम 4 बजे तक रायपुर लौट आए। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव इससे पहले भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। मार्च 2021 में सिंहदेव कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इस दौरान होम आइसोलशन में उनका इलाज चला था।

2013-18 तक रहे नेता प्रतिपक्ष 

TS सिंहदेव छत्तीसगढ़ की अंबिकापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। इस सीट से सिंहदेव बीते 3 बार से विधायक हैं। उन्होंने 2018 में इस सीट से BJP के अनुराग सिंहदेव को मात दी। TS सिंहदेव पहला चुनाव सिर्फ 900 वोट से जीते थे। दूसरा चुनाव वे 19 हजार वोट से जीते थे। जबकि तीसरे चुनाव में उन्होंने BJP प्रत्याशी को 39 हजार 624 वोटों से मात दी। TS सिंहदेव का पूरा नाम त्रिभुवनेश्वर सिंहदेव है और वे सरगुजा के राजघराने से ताल्लुक रखते हैं। वे इससे पहले 2013-18 तक नेता प्रतिपक्ष रहे। उस वक्त राज्य में भाजपा की सरकार थी और रमन सिंह मुख्यमंत्री थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.