Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सगाई के बाद भी प्रेमिका से बात कर रहा था बेटा, गुस्साए पिता ने ले ली जान

मध्यप्रदेश दिन-ब-दिन अपराधों का गढ़ बनता जा रहा है। प्रदेश के किसी न किसी जिले से रोजाना अपराध से संबंधित खबरें सामने आ रही है। ताजा मामला बुरहानपुर जिले का है, जहां सगाई के बाद भी प्रेमिका से बात करने पर एक पिता ने अपने बेटे को गुस्से में मौत को घाट उतार दिया। इसके बाद अपनी पत्नी और बेटी के साथ मिलकर बेटे की लाश को ठिकाने भी लगा दिया। 2 जनवरी को धूलकोट में रहने वाले रामकृष्ण भिलाल की हत्या हो गई थी। 

पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया है कि आरोपी शिक्षक पिता भिमान सिंह भिलाला ने ही अपने बेटे की हत्या की थी। इतना ही नहीं सबूत मिटाने के लिए आरोपी पिता ने अपने बेटे रामकृष्ण के हाथ, पैर बांधकर उसके शव को रूपरेल नदी में फेंक दिया था। इस वारदात में आरोपी की मदद युवक की मां जमनाबाई और बहन कृष्णा बाई ने भी की थी, जिसकी वजह से पुलिस ने  दोनों को भी आरोपी बनाया है।

अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज 

जानकारी के मुताबिक आरोपी भिमान सिंह धूलकोट के सरकारी कन्या शाला में पदस्थ था। SP राहुल लोढ़ा ने बताया कि तीनों के खिलाफ हत्या समेत अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।  बता दें कि रामकृष्ण की एक महीने बाद शादी होने वाली थी। पास के गांव की लड़की से ही उसकी शादी तय हुई थी, लेकिन शादी से पहले ही पिता ने उसकी हत्या कर दी।

SP ने दी जानकारी

SP ने बताया कि पिता ने बेटे की हत्या की मां और बहन ने शव फेंकने में मदद की। पुलिस जांच में आरोपी पिता ने बताया कि रामकृष्ण का हमेशा घर के लोगों से विवाद रहता था। पुलिस को जब 5 जनवरी को रामकृष्ण का शव रूपरेल नदी से बरामद हुआ था। तो शव के हाथ और पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। पुलिस की जांच जब आगे बढ़ी तो पुलिस को उस रस्सी का बाकी हिस्सा मृतक के घर से बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने इसी आधार पर घरवालों से पूछताछ की, जिस पर उन्होंने रामकृष्ण की हत्या की बात कबूल कर ली।

प्रेमिका से बात कर रहा था बेटा

आरोपी भिमान सिंह ने पुलिस को बताया  कि रामकृष्ण की सगाई हो गई थी। इसके बाद भी वो किसी और लड़की से बातचीत करता था। वो कोई काम धंधा भी नहीं करता था। इस बात को लेकर घर पर हमेशा विवाद होता था। पिता ने कहा कि इस बात को लेकर वो उससे नाराज भी रहता था। दो जनवरी को करीब दस बजे रामकृष्ण किसी लड़की से बात कर रहा था, जिसे लेकर पिता ने उसे जमकर फटकार लगाई। इस बीच दोनों के बीच विवाद के दौरान भिमान सिंह ने रामकृष्ण को तीन-चार थप्पड़ मारे और धक्का दे दिया।

नदी में फेंक दिया था शव

धक्का लगने के बाद रामकृष्ण टायलेट की दीवार से टकरा कर नीचे गिर गया। इसके बाद पिता ने उसकी छाती पर जोर से लात मार दी। रामकृष्ण के शरीर में जब कोई हरकत नहीं हुई तो पिता घबरा गया, जिसके बाद पत्नी और बेटी की मदद से उसके हाथ, पैर बांधकर देर रात को ही उसका शव रूपरेल नदी में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.