Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

देश में 5 गुना तेजी से बढ़ रहे कोरोना मरीज, 24 घंटे में केंद्रीय रक्षा मंत्री समेत 1.68 लाख नए केस

देश में कोरोना के मामले 5 गुना तेजी से बढ़ रहे हैं। कई राज्यों में एक से दो दिन में मरीज दोगुने होने लगे हैं, लेकिन मरीज मिलने के अनुपात में टेस्टिंग अब भी कम हो रही है। इस बीच कोरोना की तीसरी लहर में 11 दिन के अंदर देश में कुल एक्टिव केस की संख्या 1 लाख से बढ़कर 8 लाख के पार हो गई है। सोमवार को लगातार 5वें दिन 1 लाख से ज्यादा मामले सामने आए। हालांकि सोमवार को रविवार के मुकाबले करीब 12 हजार कम केस मिले। 

देश में 24 घंटे के अंदर 1 लाख 67 हजार 550 नए केस मिले हैं। इससे पहले रविवार को 1.79 लाख केस मिले थे। अब देश में कुल 8 लाख 15 हजार 46 एक्टिव केस हैं। 24 घंटे के अंदर 69 लाख 798 लोग ठीक हो गए हैं। जबकि 277 लोगों की मौत हुई है। 

वहीं दुनिया में बीते दिन के मुकाबले कोरोना के नए मामलों में 3.02 लाख की कमी आई है। 24 घंटे में 21.04 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई है। 9.55 लाख लोग ठीक हुए और 4,608 की मौत हो गई। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 6.73 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है। जबकि 1.67 लाख के साथ भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। वहीं  1.42 लाख के साथ ब्रिटेन तीसरे नंबर पर है।

उत्तर प्रदेश में नए मामलों में बढ़ोतरी 

वहीं सबसे ज्यादा चिंताजनक बने महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में भी सोमवार को नए मामलों की संख्या में कमी आई है, लेकिन चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश में नए मामले बढ़ना लगातार जारी है। दिल्ली में सभी प्राइवेट ऑफिस और रेस्टोरेंट-बार बंद करने का आदेश दिया गया है। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में ये फैसला लिया गया। हालांकि लोगों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी गई है।

120 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव

इधर, मुंबई में 24 घंटे में 120 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 1 पुलिसकर्मी की मौत हुई है। हरिद्वार जिला प्रशासन ने 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं के स्नान करने पर पाबंदी लगा दी है। हरिद्वार के DM विनय शंकर पांडे ने बताया कि जिले में 14 जनवरी की रात 10 बजे से 15 जनवरी सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। इस दौरान हर की पौड़ी इलाके में भी एंट्री बैन रहेगी। हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोविड पॉजिटिविटी रेट अब 10.64% है। वहीं ओमिक्रॉन केस की कुल संख्या बढ़कर 4,461 हो गई है। इनमें से 1,711 ​मरीज ठीक हो चुके हैं। 

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संक्रमित

देश में सोमवार यानी 10 जनवरी को 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रीकॉशन डोज लगाने की शुरुआत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को ट्वीट कर बताया कि बीते दिन 10.30 लाख से ज्यादा लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाया जा चुका है। वहीं फिल्म बाहुबली में कटप्पा के नाम से फेमस हुए साउथ के दिग्गज एक्टर सत्यराज बीते दिनों कोरोना संक्रमित पाए गए थे। तबीयत बिगड़ने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी संक्रमित

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई की कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बोम्मई में कोरोना के बेहद हल्के लक्षण हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। तीन दिन पहले CM हाउस के 27 कर्मचारी भी पॉजिटिव मिले थे। दिल्ली एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया आइसोलेट हो गए हैं। उनका ड्राइवर कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी चिन्मय बिस्वाल समेत 1000 सिपाही कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

महाराष्ट्र में 33,470 नए केस

महाराष्ट्र में 24 घंटे के दौरान नए मामलों में करीब 11 हजार की कमी आई है। राज्य में सोमवार को 33,470 नए केस सामने आए। जबकि रविवार को 44,388 केस मिले थे। सबसे अच्छी खबर महाराष्ट्र में महामारी से उबरने वालों की संख्या दोगुनी हो रही है। रविवार को 15,351 लोगों के मुकाबले सोमवार को 29,671 डिस्चार्ज हुए हैं। इस दौरान 8 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 2 लाख 06 हजार 046 हो गए हैं। अब तक राज्य में 69.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 66.02 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 1 लाख 41 हजार 647 लोगों की मौत हो गई। 

पश्चिम बंगाल में 19,286 नए मामले

राज्य में पॉजिटिविटी रेट भी 22% से घटकर 19.26% हो गया है। मुंबई में कोरोना वायरस की तीसरी लहर को देखते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट की मुख्य बेंच ने मंगलवार से दिन में केवल 3 घंटे काम करने का फैसला लिया है। ये आदेश 28 जनवरी तक लागू रहेगा और इस दौरान सिर्फ बेहद जरूरी केस ही सुने जाएंगे। पश्चिम बंगाल में सोमवार को 19,286 नए केस मिले हैं, जो रविवार को मिले 24,287 मामलों से बहुत कम हैं। बंगाल में इस दौरान 8187 मरीज ठीक हुए हैं। जबकि 16 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि राज्य का पॉजिटिविटी रेट अब भी बढ़ रहा है, जो 34% से बढ़कर 37% पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक कुल 17 लाख 74 हजार 332 केस मिले हैं। जबकि 16.65 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। राज्य में कुल 19 हजार 917 लोगों की मौत हो चुकी है।

दिल्ली में 19 हजार 166 नए मरीज 

दिल्ली में सोमवार को दिल्ली में नए मामलों का आंकड़ा घटकर 20 हजार के नीचे आ गया। 24 घंटे के दौरान 19 हजार 166 नए मामले मिले हैं, जो रविवार को मिले 22,751 नए केस के मुकाबले 16% कम है। आज 17 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 14 हजार 076 लोग ठीक हुए हैं, जिससे कुल एक्टिव केस भी 65 हजार 806 से घटकर 60 हजार 733 रह गए हैं। हालांकि नेशनल कैपिटल में पॉजिटिविटी रेट 24% से बढ़कर 25% पर पहुंच गया है, जिसे चिंता की बात माना जा रहा है। अब तक राज्य में कुल 15 लाख 68 हजार 896 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.77 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 25,177 लोगों की मौत हो गई।

तमिलनाडु में 13 हजार 990 केस

तमिलनाडु में सोमवार को 24 घंटे के दौरान 13 हजार 990 नए मामले सामने आए। जबकि 2547 मरीज ठीक हुए और 11 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 28.14 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.14 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 36 हजार 866 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 62 हजार 767 हैं। तमिलनाडु में पॉजिटिविटी रेट 10% है। कर्नाटक में सोमवार को 11,698 लोग संक्रमित पाए गए, 1148 लोग ठीक हुए और 4 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 30.63 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.65 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,374 लोगों की मौत हो गई। 60,148 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। कर्नाटक में पॉजिटिविटी रेट 8% है।

छत्तीसगढ़ में 24 घंटे में 4,120 नए केस 

उत्तर प्रदेश में सोमवार को 8,311 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 335 लोग ठीक हुए और 4 मौत दर्ज की गई। अब तक राज्य में 17.45 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.88 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22 हजार 932 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 33 हजार 946 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। छत्तीसगढ़ में 24 घंटे में 4 हजार 120 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 358 लोग ठीक हुए और 4 मरीज की मौत हो गई। अब तक राज्य में 10.27 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.94 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 13,619 लोगों की मौत हो गई। कुल 19 हजार 222 मरीजों का इलाज अभी जारी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.