Media24Media.com: PM नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, साजिश के तहत लीक हुआ था PM मोदी का रूट!

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

PM नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, साजिश के तहत लीक हुआ था PM मोदी का रूट!

Document Thumbnail

पंजाब दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिरोजपुर पहुंचने का रूट लीक किए जाने की पुष्टि हुई है। रूट के बारे में प्रदर्शनकारियों को पहले ही पता चल चुका था। इसके बाद उन्होंने बगल के गांव में स्पीकर से अनाउंसमेंट कर भीड़ इकट्‌ठी की और पूरी रोड जाम कर दी। तब तक कई किसान संगठन भी वहां पहुंच चुके थे। पहले वे सिर्फ रैली में जा रही भाजपा वर्करों की बसों को रोक रहे थे। 

ये बात प्रदर्शनकारियों ने खुद कैमरे के सामने मानी है, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। वहीं एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें PM के रूट पर तैनात पुलिसकर्मी भी भीड़ को हटाकर रास्ता खाली कराने के बजाए उनके साथ चाय पीते दिखाई दे रहे हैं। इससे पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की नीयत पर सवाल खड़े हो गए हैं। PM मोदी के रूट पर प्रदर्शन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि हमने पुल जाम कर रखा था। हमने भाजपा वर्करों के काफिले को रोक लिया। इसके बाद जैसे ही हमें पता चला कि प्रधानमंत्री बठिंडा रोड से मोगा हाईवे पर इस रूट से आ रहे हैं तो हमने तुरंत नजदीकी प्यारेआणा गांव के स्पीकरों से आवाज दी कि पीएम यहां से आ रहे हैं। इसके अलावा सबको मैसेज भेजकर बुलाया गया। जिसके बाद हमने ट्रॉली लगाकर फ्लाई ओवर को पूरी तरह जाम कर दिया। इसके बाद पीएम मोदी को वहां से वापस लौटना पड़ा।

बता दें कि PM का रूट बिना किसी बाधा वाला होता है, लेकिन पंजाब पुलिस की इसे सुनिश्चित करने में कोई दिलचस्पी नहीं थी। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है। जिसमें साफ दिख रहा है कि पीएम का रूट क्लियर करवाने के बजाय पंजाब पुलिस के अफसर और जवान भी उनके साथ एंजॉय करते रहे। इसमें दिख रहा है कि पुलिस वालों की जाम खुलवाने में कोई दिलचस्पी नहीं बल्कि वह वहां सिर्फ ड्यूटी के नाम पर खानापूर्ति कर रहे थे। फिरोजपुर जाते समय प्रधानमंत्री का काफिला नेशनल हाईवे पर जिस जगह रुका, प्रदर्शनकारी उससे 8-10 किलोमीटर आगे बैठे हुए थे। 

प्रदर्शनकारियों को जैसे ही पीएम के रास्ते में ही रुकने की जानकारी मिली, उनमें से कुछ लोग वहां से काफिले की ओर चल पड़े। इनमें से कुछ लोग तो काफिले के पास पहुंच भी गए। उसके बाद हालात को भांपते हुए पीएम के सुरक्षा अधिकारियों ने वापस लौटने का फैसला लिया क्योंकि अगर पीएम प्रदर्शनकारियों में फंस जाते तो हालात ज्यादा बिगड़ सकते थे।

इधर, भाजपा नेताओं ने भी आरोप लगाया कि 10 मिनट पहले तक वहां कोई जाम नहीं था। जैसे ही पीएम मोदी के सड़क मार्ग से आने का पता चला तो यह सूचना लीक कर दी गई। जिसके बाद वहां सड़क पर जाम लग गया। सरकार के इशारे पर ही जानबूझकर पीएम का रास्ता जाम करवाया गया। वहीं PM मोदी इस घटना से खासा नाराज हैं। उन्होंने CM चन्नी पर निशाना साधते हुए अधिकारियों से कहा कि 'अपने CM को थैंक्स कहना कि मैं एयरपोर्ट जिंदा लौट पाया।' बता दें कि पीएम की सुरक्षा में चूक के बाद कई BJP नेता और मंत्री लगातार पंजाब की सरकार पर आरोप लगा रहे हैं।  वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे PM की सुरक्षा में चूक माना है और पंजाब सरकार से जवाब मांगा है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.