Media24Media.com: सीनियर जर्नलिस्ट विनोद दुआ का निधन, CM भूपेश ने जताया दुख

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सीनियर जर्नलिस्ट विनोद दुआ का निधन, CM भूपेश ने जताया दुख

Document Thumbnail

सीनियर जर्नलिस्ट विनोद दुआ का 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी बेटी और अभिनेत्री मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए निधन की पुष्टि की है। विनोद दुआ का अंतिम संस्कार आज लोधी श्मशान घाट में होगा। मल्लिका दुआ ने अपने पिता की एक तस्वीर साझा की और लिखा 'हमारे निडर और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया है। उन्होंने एक अद्वितीय जीवन जिया, दिल्ली की शरणार्थी कॉलोनियों से 42 सालों तक वह पत्रकारिता की उत्कृष्टता के शिखर तक बढ़ाते हुए हमेशा सच बोलते रहे। वह अब हमारी मां, उनकी प्यारी पत्नी चिन्ना के साथ स्वर्ग में हैं, जहां वे गाना, खाना बनाना, यात्रा करना एक-दूसरे के लिए जारी रखेंगे।'


जानकारी के मुताबिक दुआ को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस साल की शुरुआत में वे कोरोना संक्रमित हो गए थे। इस दौरान उन्होंने गहन देखभाल में कई दिन बिताए। वहीं बीते हफ्ते उन्हें पोस्ट कोरोना जटिलताओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसका उनकी बेटी मल्लिका ने एक स्वास्थ्य अपडेट भी शेयर किया था। 

कई सालों तक समाचार एंकर के रूप में किया काम

बता दें कि विनोद दुआ अपनी जनहित वाली पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने दूरदर्शन समेत कई संगठनों में कई सालों तक समाचार एंकर के रूप में काम किया। इस साल जून में विनोद दुआ की पत्नी पद्मावती दुआ का भी कोरोना जटिलताओं के कारण निधन हो गया। वो चिन्ना दुआ के नाम से मशहूर थीं। उस समय बेटी मल्लिका ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा था कि 'वो हमें छोड़कर चली गई। मेरा पूरा दिल। मेरा पूरा जीवन। एकमात्र भगवान जिसे मैं जानता हूं। मेरी अम्मा मुझे खेद है कि मैं तुम्हें बचा नहीं सकी। तुमने बहुत संघर्ष किया मां। मेरा अनमोल। मेरा मन। तुम मेरी पूरी जिंदगी हो।'

 5 दिनों से ICU में भर्ती थे विनोद

वे लिवर में संक्रमण की वजह से दुआ बीते 5 दिनों से ICU में भर्ती थे। वहीं विनोद दुआ ने 7 जून को एक फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी पत्नी के निधन की खबर दी थी। चिन्ना दुआ ने 2019 तक लगभग 24 सालों तक एक रेडियोलॉजिस्ट के तौर पर काम किया था। विनोद दुआ साल 1996 में रामनाथ गोयनका पत्रकारिता सम्मान पाने वाले पहले टीवी पत्रकार थे। उन्हें केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार के वक्त 2008 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। पत्रकारिता में सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिए मुंबई प्रैस क्लब ने जून 2017 में उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट रेड लिंक अवार्ड दिया था। दुआ का जन्म 11 मार्च 1954 को हुआ था। उनका परिवार पाकिस्तान के डेरा इस्माइल खान से विभाजन के वक्त दिल्ली आया था।

अंग्रेजी में किया था स्नातक 

उन्होंने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से अंग्रेजी में स्नातक किया और दिल्ली विश्वविद्यलय से लिट्रेचर में एमए की डिग्री हासिल की। वे स्ट्रीट थियेटर ग्रुप के सक्रिय सदस्य रहे और खूबसूरत आवाज के धनी दुआ और पत्नि डॉ चिन्ना दुआ महफिलों की शान हुआ करते थे। उनकी दो बेटियां मल्लिका और बकुल हैं। मल्लिका ने कल ही अपने इंस्टाग्राम पर उनकी तबियत की गंभीरता का जिक्र किया था और कहा कि हमेशा जिंदादिल रहे विनोद दुआ जैसी शख्सियत के लिए बेहतर जिंदगी जीना, लंबी जिंदगी जीने से ज्यादा महत्वपूर्ण है।

CM भूपेश बघेल ने जताया दुख

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। CM बघेल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि विनोद दुआ भारतीय TV पत्रकारिता के पुरोधा थे। वे सिर्फ एक पत्रकार नहीं, बल्कि अपने आप में पत्रकारिता का एक संस्थान थे। पत्रकारिता के असंख्य छात्रों ने उनसे प्रेरणा ली, उनकी शैली को अपनाया और सफल हुए। उनके निधन पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। CM बघेल ने विनोद दुआ के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.