'बसपन का प्यार' गाने से सुर्खियों में आए सहदेव दिरदो मंगलवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गए, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। उनका इलाज जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. टिंकू सिंह ने बताया कि सहदेव की स्थिति फिलहाल ठीक है। वो अभी होश में है और परिवार वालों से बात भी कर रहा हैं। सहदेव का हाल जानने के लिए सुकमा के कलेक्टर विनीत नंदनवार और SP सुनील शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचे और उससे हालचाल जाना।
जानकारी के मुताबिक सहदेव अपने परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर सुकमा जिला मुख्यालय में ही कहीं जा रहा था। इस बीच जिले के शबरी नगर में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे सहदेव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन सहदेव को जिला अस्पताल पहुंचाया है। सहदेव के साथ जो उनके परिचित बाइक चला रहे थे उन्हें मामूली चोट ही आई।
सुकमा कलेक्टर विनीत नंदनवार ने बताया कि सहदेव अपने परिवार वालों के साथ बाइक में बैठकर कहीं जा रहा था। बाइक में कुल 3 लोग सवार थे, सहदेव लास्ट में बैठा था। इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सहदेव बाइक में पीछे की तरफ बैठा था, इसलिए उसे काफी चोटें आईं हैं। सुकमा में प्राथमिक उपचार कर एंबुलेंस के माध्यम से जगदलपुर रेफर भी कर दिया गया है। जगदलपुर के कलेक्टर रजत बंसल और डॉक्टर्स को भी जानकारी दे दी गई है, ताकि जल्द ही उसे इलाज मिल सके।
बादशाह ने फोन पर बात कर दियाया मदद का भरोसा
रैपर बादशाह को भी घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने तुरंत फोन करके सहदेव के परिजन और सहदेव के साथ रह रहे पिंटू से 3 मिनट तक बात की। पिंटू ने बताया कि बादशाह ने सहदेव का हालचाल जाना है। साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी जरूरी हो वो बेझिझक होकर उनसे कहें। वो और उनके साथ उनकी पूरी टीम सहयोग के साथ खड़ी है। हर संभव मदद की जाएगी।
In touch with Sahdev’s family and friends. He is unconscious, on his way to hospital. Im there for him. Need your prayers 🙏
— BADSHAH (@Its_Badshah) December 28, 2021
CM ने दिए बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश
वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सड़क हादसे में घायल सहदेव दिरदो को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश सुकमा कलेक्टर विनीत नंदनवार को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सहदेव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। दुर्घटना पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भी दुख जताया और फोन पर स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली।
'बसपन' का प्यार गाना गाकर हुआ हिट
सहदेव का गाना 'बसपन का प्यार' सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था। इस गाने में सहदेव बचपन को 'बसपन' कहता है। उसका यह भोला और मासूम अंदाज ही पब्लिक को बहुत भा गया था। कई नामी सेलिब्रेटिज ने सहदेव के मूल वीडियो को शेयर किया था। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने उसके साथ इस गाने का रिमिक्स तैयार किया था। बता दें कि सहदेव दिरदो ने बॉलीवुड सिंगर बादशाह के साथ बचपन का प्यार गाने से सोशल मीडिया पर खूब सूर्खियां बटोरी थी। रातों रात वह सोशल मीडिया पर हिट हो गया।