Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

एक साल में 32 जवान और 19 पुलिसकर्मी शहीद, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने दी जानकारी

जम्मू और कश्मीर में लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं। इस बीच बीते एक साल के दौरान कई आतंकी घटनाएं सामने आई हैं। सुरक्षाबलों की तरफ से चलाए गए ऑपरेशन से बौखलाए आतंकियों ने कई वारदात को अंजाम दिया है। एक साल के दौरान अलग-अलग आतंकी घटनाओं में 32 सुरक्षाबल और जम्मू कश्मीर के 19 पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं।

फाइल फोटो

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान राज्यसभा में जवाब देते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि अक्टूबर 2020 से लेकर अक्टूबर 2021 तक 32 सुरक्षाकर्मी और जम्मू कश्मीर के 19 पुलिसकर्मी शहीद हुए। उन्होंने आगे बताया कि 12 महीने में यानी दिसंबर 2020 से लेकर 26 नवंबर तक 14 आतंकियों को जिंदा पकड़ा गया। जबकि सुरक्षाबलों ने 165 आतंकियों को ढेर किया। 

राज्यसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में गृह मंत्रालय ने बताया कि जम्मू कश्मीर में 2018 के बाद से घुसपैठ की घटनाओं में कमी आई है। साल 2018 में 143 घुसपैठ की घटनाएं हुई थी। जबकि इस साल सिर्फ 28 घटनाएं सामने आईं। गृह मंत्रालय ने बताया कि कुल 417 आतंकी घटनाएं साल 2018 में हुई थी। वहीं इस साल नवंबर तक सिर्फ 244 आतंकी घटनाएं हुई हैं।

साल 2021 में आतंकवाद संबंधी 103 घटनाएं  

साल 2021 के 10 महीनों में घाटी में 103 आतंकी हमले हो चुके हैं, जिसमें 22 आम नागरिकों की मौत हुई है। जबकि 30 जवान शहीद हुए हैं। साथ ही हमारे जांबाज जवानों ने 134 आतंकियों को भी ढेर किया है। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर में इस साल 203 आतंकवादी मारे गए और उनमें से 166 स्थानीय थे और 37 पाकिस्तानी या फिर विदेशी मूल के थे। वहीं साल 2020 में आतंकवाद संबंधी 96 घटनाएं (96 terrorism related incidents) हुईं। इन घटनाओं में 43 नागरिकों की भी जान गई। जबकि 92 अन्य घायल हो गए। वहीं हताहत नागरिकों की संख्या में 2019 के मुकाबले कमी आई है, पिछले साल जहां 47 नागरिकों की मौत हुई थी और 185 अन्य घायल हुए थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.