Media24Media.com: शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Document Thumbnail

मणिपुर के सियालसी के पास 13 नवंबर को उग्रवादी हमले में शहीद हुए रायगढ़ के कर्नल विप्लव त्रिपाठी का सोमवार शाम राजकीय सम्मान के साथ मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के साथ हमले में शहीद हुई उनकी पत्नी अनुजा त्रिपाठी और बेटे अबीर त्रिपाठी का भी अंतिम संस्कार किया गया। 


इसके पहले शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनुजा त्रिपाठी और बेटे अबीर त्रिपाठी का पार्थिव शरीर वायु सेना के विशेष विमान से दोपहर 12.40 बजे रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पहुंचा। शहीद के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 

रायगढ़ सांसद गोमती साय, रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक, धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया, लैलूंगा विधायक  चक्रधर सिदार, सारंगढ़ विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल, महापौर नगर निगम   जानकी काटजू, कलेक्टर भीम सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा समेत रायगढ़ शहर के हजारों लोगों ने एयरपोर्ट में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। 

एयरपोर्ट से शहीदों के पार्थिव शरीर को फूलों से सजे सेना के वाहन में उनके निवास लाया गया। एयरपोर्ट से घर तक पूरे रास्ते में रायगढ़वासी शहर के वीर सपूत को पुष्प वर्षा कर श्रद्धांजलि दे रहे थे। निवास स्थान में परिजनों द्वारा शहीदों के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के बाद रामलीला मैदान में शहरवासियों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए रखा गया। 

इसके बाद शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनुजा त्रिपाठी और बेटे अबीर त्रिपाठी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए मुक्ति धाम ले जाया गया। यहां असम राइफल्स के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के छोटे भाई लेफ्टिनेंट कर्नल अनय त्रिपाठी ने चिताओं को मुखाग्नि दी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.