Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

शर्मनाक: 6 महीने में 16 साल की नाबालिग के साथ 400 लोगों ने किया दुष्कर्म, मदद मांगने पर पुलिसकर्मी ने भी बनाया शिकार

महाराष्ट्र के बीड जिले (Beed in Maharashtra) से एक चौंकाने वाली शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां 6 महीने की अवधि में एक नाबालिग के साथ पुलिसकर्मी समेत 400 लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है, जिससे नाबालिग गर्भवती हो गई है। नाबालिग शिकायत लिखवाने थाने गई थी। इसी दौरान पुलिसकर्मी ने उसके साथ रेप किया। बीड SP राजा रामासामी ने रविवार को इस अपराध की पुष्टि की है। साथ ही बताया कि घटना में 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता की उम्र 16 साल है, जिसकी शादी बचपन में ही कर दी गई थी।

SP राजा रामासामी के मुताबिक नाबालिग की मां का लगभग 2 साल पहले निधन हो गया था, जिसके बाद उसके पिता ने करीब 8 महीने पहले उसकी शादी कर दी थी, लेकिन उसका पति और सास-ससुर उसके साथ दहेज नहीं लाने को लेकर मारपीट करते थे। मारपीट से बचने और अपने पिता के पास आने के लिए वो करीब 6 महीने पहले ससुराल से भाग निकली थी।

पीड़िता के साथ 400 लोगों ने किया दुष्कर्म

चाइल्ड वेलफेयर कमेटी में पीड़िता ने बताया कि पिता ने उसे घर में नहीं घुसने दिया। इसके बाद वह बीड जिले के अंबाजोगई में बस स्टैंड पर भीख मांगने लगी। यहीं से उसके यौन शोषण की शुरुआत हुई। उसने कमेटी से कहा कि उसके साथ 400 से ज्यादा लोगों ने रेप किया। वह कई बार इसकी शिकायत लेकर अंबाजोगई पुलिस स्टेशन गई, लेकिन पुलिस ने भी उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। उल्टा एक पुलिसकर्मी ने भी उसके साथ रेप किया।  

आरोपियों की तलाश जारी

SP राजा रामासामी ने बताया कि पीड़िता 2 महीने की गर्भवती है। उसने किसी तरह रेप के इस जाल से निकलकर पूरी घटना की जानकारी दी। उसकी शिकायत के आधार पर बाल विवाह कानून, रेप, यौन उत्पीड़न और प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके बाद 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जांच की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लगातार बढ़ रहे दुष्कर्म के मामले

बता दें कि देश में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ती ही जा रही है। दरिंदे न तो बच्चों को छोड़ रहे हैं और न हो बुजुर्गों को। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ओर से जारी किए आंकड़ों के मुताबिक भारत में 2019 में हर दिन बलात्कार के 88 मामले दर्ज किए गए। साल 2019 में देश में बलात्कार के कुल 32 हजार 033 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 11 फीसदी पीड़ित दलित समुदाय से हैं। NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा बलात्कार के मामले राजस्थान और उत्तर प्रदेश से दर्ज हुए। 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.